
लाइफस्टाइल डेस्क। इंस्टाग्राम, यूट्यूब और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ मिनट स्क्रॉल करते ही आपको ऐसे शब्द दिख जाएंगे, जिनका मतलब पहली नजर में समझना मुश्किल हो सकता है। कोई लिख रहा है I’m cooked, कोई किसी को unc कह रहा है, तो किसी की फोटो पर कमेंट है bro is mogging everyone।
इंटरनेट की दुनिया में स्लैंग तेजी से बदलते हैं। कुछ शब्द कुछ महीनों में गायब हो जाते हैं, जबकि कुछ इतने लोकप्रिय हो जाते हैं कि रोजमर्रा की ऑनलाइन बातचीत का हिस्सा बन जाते हैं। 2026 में भी कई ऐसे शब्द लगातार सोशल मीडिया पर नजर आ रहे हैं।
आइए जानते हैं ‘6-7’ से लेकर ‘brain rot’ तक 10 ऐसे स्लैंग का मतलब, जिन्हें आप इंटरनेट पर बार-बार देख सकते हैं।
1. 6-7: जिसका कोई एक तय मतलब नहीं
यह इस लिस्ट का शायद सबसे कन्फ्यूजिंग शब्द है। ‘6-7’ का कोई एक सीधा और तय मतलब नहीं है। सोशल मीडिया पर इसे अक्सर मजाक, अचानक रिएक्शन या बातचीत के बीच एक अचामॉनक रोकने की तरह इस्तेमाल किया जाता है। इसकी लोकप्रियता काफी हद तक इसी बात से जुड़ी है कि इसे बोलने का कोई खास तर्क नहीं है।
उदाहरण- मैंने उससे पूछा पेपर कैसा गया? उसने बस कहा- ‘6-7।’ यानी कई बार यहां शब्द का मतलब जानना नहीं, बल्कि जोक का हिस्सा बनना ज्यादा जरूरी होता है।
2. Aura Farming: कूल दिखने की पूरी कोशिश
Aura का मतलब किसी व्यक्ति की कूलनेस, कॉन्फिडेंस या प्रेजेंस से जुड़ा होता है। ऑरा फार्मिंग का इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति जानबूझकर ऐसा व्यवहार करता है जिससे वह दूसरों को ज्यादा कूल नजर आए।
जैसे कोई कैमरे के सामने बिना कुछ बोले चश्मा लगाकर पोज देना और लोग कहें- Bro is aura farming.
3. Cooked: अब कुछ नहीं बचा!
अगर कोई कहता है I’m cooked, तो इसका मतलब आमतौर पर होता है कि वह मुश्किल में फंस चुका है, बुरी तरह थक चुका है या उसे लगता है कि अब स्थिति संभालना मुश्किल है। इसका इस्तेमाल अक्सर मजाकिया अंदाज में किया जाता है।
उदाहरण- सुबह 9 बजे एग्जाम है और मैंने एक चैप्टर भी नहीं पढ़ा। I’m cooked. यानी आसान भाषा में- अब तो मेरी हालत खराब है।
4. Crash Out: गुस्से में कंट्रोल खो देना
Crash out का मतलब है बहुत ज्यादा गुस्सा हो जाना या किसी स्थिति पर impulsively react करना। सोशल मीडिया पर इसे छोटी-छोटी परेशानियों के लिए भी मजाक में इस्तेमाल किया जाता है।
उदाहरण- एक घंटे इंतजार करने के बाद उन्होंने मेरा order cancel कर दिया। I’m about to crash out. यानी- अब मेरा दिमाग घूमने वाला है। हालांकि यह शब्द गंभीर गुस्से के संदर्भ में भी इस्तेमाल हो सकता है।
5. Locked In: अब पूरा फोकस इसी पर
Locked in का मतलब है किसी काम पर पूरी तरह फोकस हो जाना। जब कोई व्यक्ति भटकना छोड़कर किसी टास्क पर पूरा ध्यान लगाने का फैसला करता है, तो वह कह सकता है कि वह locked in है।
उदाहरण- अगले हफ्ते exams हैं। अब मैं पूरी तरह बिजी हूं।
यानी- अब पूरा ध्यान इसी काम पर है।
6. Unc: उम्र से ज्यादा एटिट्यूड का मजाक उड़ाना
Unc, ‘uncle’ का छोटा रूप है। इंटरनेट पर इसे अक्सर किसी ऐसे व्यक्ति के लिए मजाक में इस्तेमाल किया जाता है जो पुराना या आउटडेटेड नजर आए या जिसे कोई नया ट्रेंड समझ न आए। इसके लिए वास्तव में व्यक्ति का उम्रदराज होना जरूरी नहीं है।
उदाहरण- उसे 6-7 का मतलब नहीं पता था, कमेंट्स में सबने उसे ‘unc’ कहना शुरू कर दिया।
यानी यहां unc उम्र से ज्यादा एक teasing term है।
7. Mog: किसी को पूरी तरह पीछे छोड़ देना
Mog का इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई व्यक्ति किसी दूसरे व्यक्ति से ज्यादा इम्प्रेसिव दिखाई दे या उसे आउटशाइन कर दे। यह खास तौर पर अपीयरेंस, हाइट या अवरऑल प्रेजेंटेशन के संदर्भ में सोशल मीडिया पर दिखाई देता है।
उदाहरण- फोटो में सब अच्छे लग रहे थे, लेकिन उसने सबको mog कर दिया।
यानी- उसके सामने बाकी सब फीके पड़ गए।
8. Chopped: लुक्स पर सीधा कमेंट
Chopped इसका उल्टा है। अगर कोई किसी व्यक्ति को chopped कह रहा है, तो आमतौर पर उसका मतलब है कि उसे वह व्यक्ति अनअट्रैक्टिव या खराब लुक में लग रहा है। इसका इस्तेमाल अक्सर मजाक में किया जाता है, लेकिन यह किसी के लुक्स पर सीधा कमेंट भी हो सकता है।
उदाहरण- मैंने खुद हेयरकट करने की कोशिश की और अब मैं पूरी तरह chopped लग रहा हूं।
इसलिए इसे समझना ठीक है, लेकिन किसी अनजान व्यक्ति के लिए इस्तेमाल करने से पहले सोचना बेहतर है।
9. Glazing: जरूरत से ज्यादा तारीफ
Glazing का मतलब है किसी व्यक्ति की जरूरत से ज्यादा तारीफ या लगातार उसकी तारीफ करते रहना। सोशल मीडिया पर यह शब्द खासकर तब इस्तेमाल होता है जब किसी को लगता है कि कोई व्यक्ति किसी सेलेब्रिटी, इन्फ्लूएंसर या दूसरे व्यक्ति की जरूरत से ज्यादा तारीफ कर रहा है।
उदाहरण- तुम पिछले 20 मिनट से उसी एक्टर की तारीफ कर रहे हो। Stop glazing! यानी- भाई, इतनी ज्यादा तारीफ मत करो।
10. Brain Rot: इंटरनेट कंटेंट का ओवरडोज
Brain rot आज के इंटरनेट स्लैंग में सबसे ज्यादा पहचाने जाने वाले शब्दों में से एक है। इसका इस्तेमाल ऐसे रिपिटेटिव या लो-वैल्यू कंटेंट के लिए किया जाता है जिसे बहुत ज्यादा देखने के बाद व्यक्ति को लगे कि उसका दिमाग उसी कंटेट से भर गया है।
यह उस फीसिंग के लिए भी इस्तेमाल होता है जब कोई घंटोंरील्स, मीम्स या वायरल वीडियो देखने के बाद उसी तरह की भाषा बोलने लगे।
उदाहरण- चार घंटे से reels देख रहा हूं और अब असल जिंदगी में भी मीम्स के डायलॉग बोल रहा हूं। I have brain rot!
यानी आसान भाषा में- इतना इंटरनेट देख लिया कि अब दिमाग भी उसी के हिसाब से चल रहा है।
यह भी पढ़ें- Gen-Z के लिए मोबाइल ऐप बने ‘पर्सनल हेल्थ असिस्टेंट’, एक क्लिक में सेहत का हिसाब