
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सर्दी, खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। सुबह और रात में ठंडी हवा के संपर्क से नाक बहने, छींक आने और गले में दर्द की शिकायत हो सकती है।
आयुर्वेद में इन मौसमी परेशानियों से राहत के लिए अदरक, तुलसी, शहद, हल्दी, काली मिर्च, सोंठ और पीपली का उपयोग किया जाता है।
सोंठ और पीपली को पारंपरिक रूप से कफ संबंधी समस्याओं में उपयोगी माना जाता है। सीमित मात्रा में इनका सेवन सामान्य मौसमी परेशानियों में राहत देने में सहायक हो सकता है।
सर्दियों में अदरक और तुलसी की चाय भी फायदेमंद हो सकती है। एक कप पानी में चार-पांच तुलसी की पत्तियां और अदरक का छोटा टुकड़ा डालकर उबालें। फिर छानकर गुनगुना पिएं। इससे गले की खराश और ठंड से होने वाली परेशानी में आराम मिल सकता है।
खांसी होने पर एक चम्मच शहद गले को आराम देने और खांसी की तीव्रता कम करने में मदद कर सकता है। हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व होता है, जिसमें सूजन कम करने वाले गुण हैं। रात को सोने से पहले एक कप गुनगुने दूध में थोड़ी हल्दी मिलाकर पी सकते हैं।
गले में दर्द या खराश होने पर गुनगुने पानी में बहुत कम मात्रा में सोंठ या काली मिर्च मिलाकर गरारे किए जा सकते हैं। इससे गले में जमा कफ और खराश में कुछ राहत मिल सकती है।
जुकाम में नाक बंद होने पर अजवाइन की भाप लेना पारंपरिक घरेलू उपाय है। इससे जमा कफ ढीला होकर बाहर निकलने में मदद मिल सकती है। भाप लेते समय पानी बहुत गर्म न रखें और जलने से बचें।
आयुर्वेदिक विशेषज्ञ डाॅ. शैलेन्द्र गीते बताते हैं कि इन उपायों के साथ शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखना, पर्याप्त पानी पीना और पूरी नींद लेना भी जरूरी है। खानपान में मौसमी फल, हरी सब्जियां और पौष्टिक चीजें शामिल करें।
घरेलू उपाय सामान्य लक्षणों में राहत दे सकते हैं, लेकिन संक्रमण का इलाज नहीं हैं। तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी या सीने में दर्द होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद न दें। सोंठ, पीपली और काली मिर्च का अधिक मात्रा में सेवन करने से बचें।