
लाइफस्टाइल डेस्क। दीवाली के बाद मध्य प्रदेश के कई शहरों की हवा जहरीली होती जा रही है। भोपाल और उज्जैन में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया है। ऐसे में सुबह की सैर, पार्क में एक्सरसाइज और खुले में घूमना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
ताजा मॉनिटरिंग आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल के टीटी नगर में AQI 404 और उज्जैन के रीजनल ऑफिस स्टेशन पर 411 दर्ज किया गया। दोनों शहरों में हवा गंभीर यानी सीवियर श्रेणी में पहुंच गई है। इसके अलावा ग्वालियर, इंदौर, देवास, जबलपुर, मंडीदीप और सिंगरौली में भी प्रदूषण का स्तर काफी अधिक रहा। ऐसे में फिलहाल सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने के बजाय घर के अंदर ही हल्की एक्सरसाइज करना बेहतर विकल्प हो सकता है।
प्रदूषण की स्थिति सिर्फ भोपाल और उज्जैन तक सीमित नहीं है। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब दर्ज की गई है।
आंकड़ों के मुताबिक, ग्वालियर के डीडी नगर में AQI 369, इंदौर के मगुदा नगर में 380, देवास के भोपाल चौराहे पर 337 और जबलपुर के मरहटल में 353 दर्ज हुआ। वहीं मंडीदीप में 325 और सिंगरौली में 306 AQI रहा। इस तरह आठ मॉनिटरिंग स्टेशन वेरी पुअर और दो स्टेशन पुअर श्रेणी में दर्ज किए गए। पीथमपुर में AQI 261 और कटनी में 229 रहा।
दीवाली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं, वाहनों का प्रदूषण, निर्माण कार्यों की धूल और मौसम में बदलाव हवा की गुणवत्ता को और खराब कर सकते हैं। ठंड बढ़ने के साथ हवा की गति कम होने पर प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं।

सुबह के समय तापमान कम होने पर कई इलाकों में प्रदूषक कण जमीन के नजदीक बने रह सकते हैं। हवा में मौजूद धूल, धुआं और बारीक कण सांस के साथ शरीर में पहुंचते हैं। ऐसे में जब AQI बहुत खराब या गंभीर श्रेणी में हो, तब खुले में तेज चलना, दौड़ना या एक्सरसाइज करना प्रदूषित हवा के संपर्क को बढ़ा सकता है।
एक्सरसाइज के दौरान व्यक्ति सामान्य से ज्यादा तेजी से सांस लेता है। इससे शरीर में प्रदूषित हवा के कणों के पहुंचने की मात्रा भी बढ़ सकती है। इसलिए प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर सुबह पार्क में टहलने या दौड़ने से बचना चाहिए।
धूप निकलने के बाद भी बाहर की हवा अपने आप साफ नहीं हो जाती। बाहर निकलने से पहले स्थानीय AQI जरूर देखें। हवा की गुणवत्ता बेहतर होने पर ही खुले में व्यायाम करें।
वायु प्रदूषण का असर हर उम्र के व्यक्ति पर पड़ सकता है, लेकिन छोटे बच्चों और बुजुर्गों को इसका खतरा अधिक होता है।
छोटे बच्चों के फेफड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं। वे बाहर खेलते समय तेजी से सांस लेते हैं और प्रदूषित हवा के संपर्क में ज्यादा आ सकते हैं। इससे खांसी, गले में जलन, सांस लेने में परेशानी और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
वहीं बुजुर्गों में पहले से सांस और हृदय संबंधी समस्याएं होने की आशंका अधिक रहती है। प्रदूषण के कारण उनकी परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए AQI गंभीर स्तर पर होने पर 6 साल से छोटे बच्चों और 75 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।
अस्थमा, सीओपीडी और हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को भी खुले में ज्यादा समय बिताने से बचना चाहिए।
प्रदूषण के गंभीर स्तर पर कुछ छोटी सावधानियां भी नुकसान को कम करने में मदद कर सकती हैं।
बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला N95 या समकक्ष मास्क पहनें। सामान्य कपड़े का मास्क बारीक प्रदूषण कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देता।
दीवाली के बाद कई प्रदूषित मॉनिटरिंग स्टेशनों पर PM 2.5 प्रमुख प्रदूषक के रूप में दर्ज हुआ। PM 2.5 हवा में मौजूद बेहद छोटे कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने बारीक होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के भीतर गहराई तक पहुंच सकते हैं।
वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, कचरा और पराली जलाना, ईंधन का जलना तथा पटाखे PM 2.5 के प्रमुख स्रोत हैं।
इन कणों के संपर्क में आने से आंखों में जलन, खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों और हृदय से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर ज्यादा गंभीर हो सकता है।
जब किसी शहर का AQI 400 के पार पहुंचता है, तो यह सिर्फ व्यक्तिगत स्वास्थ्य का मामला नहीं रह जाता। ऐसे समय में प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
प्रदूषण प्रभावित इलाकों की पहचान कर लोगों को समय पर चेतावनी देनी चाहिए। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़कों की सफाई, कचरा जलाने पर रोक और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन की निगरानी जैसे कदम उठाने जरूरी हैं।
हवा की गुणवत्ता सुधरने तक लोगों को भी अपनी दिनचर्या में बदलाव करना होगा। फिलहाल सुबह की सैर और खुले में एक्सरसाइज के बजाय घर के अंदर गतिविधियां करना, बाहर निकलते समय मास्क पहनना और AQI पर नजर रखना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है।