
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। शादी माहौल शुरू होते ही दुल्हनों के हाथों में सुंदर-सुंदर मेहंदी लगावाने की तैयारी भी कई दिनों पहले से शुरू हो जाती है। इस बार मेहंदी के डिजाइन में पारंपरिक बेल-बूटों के साथ दूल्हा-दुल्हन के चेहरे, जयमाला, फेरे और शादी के खास पलों को हाथों पर उकेरने का चलन बढ़ रहा है।
कोई अरेबिक डिजाइन पसंद कर रहा है तो कोई ब्राइडल और इंडो-वेस्टर्न पैटर्न बनवा रहा है। कई दुल्हनें मोबाइल में अपनी पसंद की तस्वीरें दिखाकर उसी तरह की डिजाइन तैयार करवा रही हैं।
डिजाइन जितनी बारीक और खास होती है, उसकी कीमत भी उतनी ही बढ़ जाती है। शहर में मेहंदी की शुरुआती कीमत 100 रुपये से लेकर विशेष ब्राइडल और पोर्ट्रेट डिजाइन के लिए 80 हजार रुपये तक पहुंच रही है।
किसी दुल्हन के हाथों पर शादी के सात फेरों का दृश्य उकेरा जा रहा है तो कोई अपने होने वाले जीवनसाथी का चेहरा मेहंदी में बनवा रही है। मेहंदी कलाकारों के पास शादी की तारीख से काफी पहले बुकिंग आने लगी है। खास डिजाइन तैयार करने में तीन से चार घंटे तक का समय लग जाता है।
.jpg)
मेहंदी कलाकार कपिल सिंह बताते हैं कि दुल्हनें अब केवल पारंपरिक डिजाइन तक सीमित नहीं हैं। शादी से जुड़े खास पलों को मेहंदी में शामिल करवाने की मांग बढ़ रही है। इसमें फेरे लेते हुए जोड़े, जयमाला, ढोल, शहनाई और अन्य पारंपरिक आकृतियां बनाई जाती हैं। इसके अलावा कमल, मोर, हाथी और कलश जैसे पैटर्न भी पसंद किए जा रहे हैं। कई ग्राहक अपनी पसंद की डिजाइन पहले से तय करके आते हैं।

कपिल के अनुसार हमारे यहां ब्राइडल मेहंदी के दाम 3000 रुपये से शुरू होते हैं। दूल्हा-दुल्हन के चेहरे की हूबहू तस्वीर बनाने वाली पोर्ट्रेट मेहंदी में दूसरे पैटर्न भी जोड़े जाते हैं। ऐसी डिजाइन की कीमत 15 से 20 हजार रुपये तक पहुंच जाती है। उन्होंने बताया कि कई दुल्हनें मेहंदी लगवाने के लिए तीन से चार घंटे तक बैठती हैं। उनके पास 50 से अधिक नियमित ग्राहक हैं। शादी सीजन में बुकिंग के लिए ग्राहक पहले से संपर्क करते हैं।
.jpg)
मेहंदी कलाकार नीरज राजपूत के अनुसार, दुल्हनें इन दिनों इंटरनेट मीडिया पर ब्राइडल मेहंदी के नए डिजाइन तलाशती हैं। अपनी पसंद के अनुसार तस्वीरें चुनने के बाद वे कलाकारों से वैसी ही डिजाइन तैयार करवाती हैं। कई दुल्हनें शादी की थीम और अपने पहनावे के अनुसार मेहंदी का पैटर्न तय करती हैं। डिजाइन के आकार और बारीकी के अनुसार मेहंदी लगवाने का खर्च अलग-अलग होता है। कई महिलाएं शादी से एक दिन पहले मेहंदी लगवाना पसंद करती हैं, ताकि शादी के दिन तक उसका रंग गहरा हो सके।