नवजात शिशु के लिए वरदान है मां का दूध, बीमारियों से भी बचाने में फायदेमंद, जानें इसके अनगिनत लाभ
मां का दूध नवजात शिशु के लिए संपूर्ण आहार और प्राकृतिक सुरक्षा कवच है, जो शुरुआती 6 महीनों तक उसे कई गंभीर बीमारियों और संक्रमण से सुरक्षित रखता है।
By Akriti KumariEdited By: Akriti Kumari
Publish Date: Sat, 01 Aug 2026 02:05:35 PM (IST)Updated Date: Sat, 01 Aug 2026 02:05:35 PM (IST)
नवजात शिशु के बेहतर शारीरिक-मानसिक विकास और मजबूत इम्युनिटी के लिए बेहद जरूरी है मां का दूध। (फाइल फोटो)HighLights
- मां का पहला दूध नवजात शिशु के लिए पहले टीके की तरह काम करता है
- शिशु को जन्म के शुरुआती 6 महीने तक केवल स्तनपान ही कराना चाहिए
- स्तनपान से शिशु को निमोनिया, डायरिया, अस्थमा और मोटापा से बचाव होता है
हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। नवजात शिशु की जीवन रक्षा, बेहतर विकास और मजबूत इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) के लिए स्तनपान (Breastfeeding) सबसे महत्वपूर्ण और अनिवार्य माना गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, मां का दूध बच्चे के लिए पहला प्राकृतिक टीका और संपूर्ण आहार है।
जन्म के पहले घंटे से 6 महीने तक केवल स्तनपान
- पहला पीला दूध (Colostrum): जन्म के तुरंत बाद मां का पहला गाढ़ा-पीला दूध बच्चे को संक्रमण से लड़ने की ताकत देता है।
- सुपाच्य और पोषक तत्वों से भरपूर: इसमें बच्चे के शारीरिक-मानसिक विकास के लिए सभी जरूरी पोषक तत्व होते हैं, जो शिशु के नाजुक पाचन तंत्र के लिए एकदम उपयुक्त और आसानी से पचने वाले होते हैं।
- पानी की भी जरूरत नहीं: शुरुआती 6 महीने की उम्र तक शिशु को पानी या किसी भी तरह के ऊपरी आहार की बिल्कुल आवश्यकता नहीं होती है।
फॉर्मूला मिल्क कभी नहीं कर सकता बराबरी
बाजार में मिलने वाले फॉर्मूला मिल्क (Formula Milk) मां के दूध का विकल्प बनने की कोशिश तो करते हैं, लेकिन प्राकृतिक पोषण और एंटीबॉडीज के मामले में मां के दूध की हूबहू बराबरी कभी नहीं कर सकते।
शिशु को गंभीर बीमारियों से सुरक्षा
स्तनपान करने वाले बच्चों में कई गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है:
संक्रमण से बचाव: यह शिशु को दस्त (डायरिया), कान और फेफड़ों के संक्रमण (जैसे निमोनिया) से बचाता है।
भविष्य की बीमारियों से रक्षा: ऐसे बच्चों में बड़े होने पर मधुमेह (Diabetes), हाई कोलेस्ट्रॉल, अस्थमा, एलर्जी और अत्यधिक वजन बढ़ने (मोटापा) की संभावना बेहद कम होती है।
माताओं के लिए भी वरदान
स्तनपान न केवल बच्चे के स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि यह माताओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
यह भी पढ़ें- अमिताभ बच्चन के घर में दिखी बुल आर्ट पेंटिंग: जानिए वास्तु के अनुसार इसे घर या ऑफिस में लगाने के अनोखे फायदे