
लाइफस्टाइल डेस्क। मौसम में ठंडक बढ़ने से बच्चों की सेहत पर प्रभाव पड़ रहा है। जयाआरोग्य अस्पताल समेत शहर के निजी अस्पतालों में बच्चों की बीमारियों का ग्राफ तेजी से बढ़ है। ब्रोंकियोलाइटिस, निमोनिया, वायरल डायरिया और अस्थमा जैसे रोगों के कारण ओपीडी में बच्चों की संख्या में 20 से 25 प्रतिशत तक वृद्धि देखी जा रही है।
चिंता की बात यह है कि इनमें से सांस लेने में तकलीफ होने पर बच्चों को भर्ती तक करना पड़ रहा है। जेएएच के बाल रोग विशेषज्ञ डा. रवि अम्बे के अनुसार एक साल से कम उम्र के शिशुओं में ब्रोंकियोलाइटिस के सबसे ज्यादा केस सामने आ रहे हैं। ओपीडी में रोजाना आने वाले बच्चों में करीब 20-25 प्रतिशत बच्चे इस बीमारी से पीड़ित मिल रहे हैं।
-1762914170406.webp)
जेएएच के बाल रोग विभाग में हर दिन पांच से आठ बच्चों को भर्ती किया जा रहा है। इनमें से ज्यादातर को सांस संबंधी परेशानी और निमोनिया की शिकायत है।
डाॅ. अंबे के अनुसार मौसम में नमी और ठंड के कारण सांस की बीमारियां छोटे बच्चों को तेजी से अपनी चपेट में ले रही हैं। खासतौर पर जिन बच्चों की इम्युनिटी कमजोर है, उनके लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण बन गया है।
सिर्फ ब्रोंकियोलाइटिस और निमोनिया ही नहीं, बल्कि बच्चों में अस्थमा अटैक और वायरल डायरिया के केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। डाॅक्टरों के मुताबिक, मौजूदा समय में इन बीमारियों के मामले 10 प्रतिशत हैं।

ब्रोंकियोलाइटिस के लक्षण पहले आम सर्दी-जुकाम जैसे ही होते हैं, लेकिन फिर स्थिति काफी खराब हो जाती है। इस बीमारी से पीड़ित बच्चों में खांसी और सांस छोड़ते समय तेज सीटी जैसी आवाज आती है। कभी-कभी बच्चों को सांस लेने में परेशानी होती है। ब्रोंकियोलाइटिस के लक्षण एक से दो सप्ताह तक रहते हैं।
बाल रोग विशेषज्ञ डा. अंबे ने बताया कि ब्रोंकियोलाइटिस निमोनिया का एक प्रकार है। यह बीमारी छोटे बच्चों और नवजात के फेफड़ों का संक्रमण है। यह फेफड़े के श्वांसनली में सूजन, जलन और बलगम के निर्माण का कारण बनता है। इन श्वांसनली को ब्रोंकियोल कहा जाता है। ब्रोंकियोलाइटिस वायरस के कारण होता है।