
लाइफस्टाइल डेस्क। हर बच्चा अपनी गति से विकास करता है, लेकिन यदि बच्चा सामान्य उम्र की तुलना में देर से बैठता है, खड़ा होता है या चलना शुरू करता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हाथ-पैरों में अकड़न, गर्दन संभालने में परेशानी और शरीर का संतुलन बनाने में कठिनाई सेरेब्रल पाल्सी के संकेत हो सकते हैं।
यह दिमाग के उस हिस्से को हुए नुकसान के कारण होने वाली स्थिति है, जो शरीर की गतिविधियों और मांसपेशियों के नियंत्रण को प्रभावित करती है। इसका असर गर्भावस्था, प्रसव के दौरान या जन्म के शुरुआती वर्षों में हो सकता है।
सेरेब्रल पाल्सी का मतलब यह नहीं है कि बच्चे की समझने और सीखने की क्षमता भी प्रभावित होगी। कई बच्चे सामान्य रूप से पढ़ाई कर सकते हैं और आगे चलकर आत्मनिर्भर जीवन जी सकते हैं।
इसके लिए समय पर पहचान और नियमित थेरेपी जरूरी है। गर्भावस्था में मां का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, संक्रमण और शुगर-बीपी का नियंत्रण तथा सुरक्षित प्रसव इसके जोखिम को कम करने में मददगार हैं।
-1791267620318.webp)
यदि तीन महीने तक बच्चा गर्दन नहीं संभालता, छह महीने तक सहारे के बिना नहीं बैठता, एक हाथ का ही अधिक इस्तेमाल करता है या हाथ-पैरों में असामान्य अकड़न दिखती है, तो विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए।
ऑक्यूपेशनल और फिजियोथेरेपी के माध्यम से बच्चे को बैठना, खड़ा होना, चलना, चीजें पकड़ना, खुद खाना, कपड़े पहनना और लिखना सिखाया जाता है। ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, डाॅ. गौतम सुरागे का कहना है कि खेल और रोजमर्रा की गतिविधियों के जरिए भी उसकी क्षमताओं को विकसित किया जाता है।
इसमें माता-पिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। घर पर नियमित अभ्यास, प्रोत्साहन और धैर्य से बच्चे का आत्मविश्वास बढ़ता है। उसकी तुलना दूसरे बच्चों से करने के बजाय उसकी छोटी-छोटी उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।
