
लाइफस्टाइल डेस्क। बच्चों को उचित पोषण आहार नहीं मिलने की समस्या अब सिर्फ गरीबी का सवाल नहीं रही, यह जिले के भविष्य से जुड़ा गंभीर स्वास्थ्य संकट बनती जा रही है। हालिया आंकड़े बताते हैं कि जिले में कम वजन और ठिगनेपन के मामले बढ़े हैं। हर पांच में से एक बच्चा उम्र के हिसाब से नाटा रह जा रहा है और चार में से एक बच्चा उम्र के हिसाब से कम वजन का है।
यह स्थिति तब है, जब पोषण पर हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। जिले की तस्वीर बताती है कि पोषण प्रोफाइल के अनुसार जिले में करीब 2.51 लाख पांच साल से कम उम्र के बच्चे हैं, जिनमें हजारों बच्चे ठिगनेपन, कम वजन और एनीमिया से जूझ रहे हैं।
शहरी झुग्गियों, रांझी, अधारताल, गढ़ा, पनागर और ग्रामीण ब्लाकों में यह समस्या ज्यादा दिख रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोषण अभियान, सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0, टेक होम राशन, गर्म पका भोजन, आयरन-फोलिक एसिड और नियमित ग्रोथ मॉनिटरिंग के जरिए कुपोषण पर काम किया जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर माह बच्चों की लंबाई-वजन मापकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करती हैं। गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कर इलाज दिया जाता है। अत: जरूरत इस बात की है कि आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य विभाग और परिवार मिलकर काम करें। सिर्फ राशन बांटने से काम नहीं चलेगा, बल्कि यह देखना होगा कि बच्चा खा क्या रहा है, पचा क्या रहा है और बढ़ कितना रहा है।
राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार सबसे चिंताजनक बात कम वजन और दुबलेपन में हुई बढ़ोतरी है। जिले में कम वजन (अंडरवेट) वाले बच्चों की दर साल 2024 में 20 प्रतिशत थी जो साल 2015 में बढ़कर 25 प्रतिशत हो गई है और वेस्टिंग यानी दुबलापन 18.9 प्रतिशत से बढ़कर 23.8 प्रतिशत हो गया है। -पोषण ट्रैकर के अक्टूबर 2026 के आंकड़े तो और भी डरावने हैं।
इसके अनुसार प्रदेश में मापे गए 51 लाख से ज्यादा बच्चों में 40.72 प्रतिशत बच्चे ठिगनेपन, 23.30 प्रतिशत कम वजन और 6.96 प्रतिशत दुबलेपन से प्रभावित हैं। एक साल पहले अक्टूबर 2025 में ठिगनेपन की दर 36.64 प्रतिशत थी, यानी एक साल में 4.08 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई।
विशेषज्ञों के अनुसार ठिगनापन एक दिन की समस्या नहीं है। यह बच्चे के जन्म से पहले ही शुरू हो जाती है।
मां का कुपोषण: जिले में 15 से 49 वर्ष की महिलाओं में कम वजन की समस्या बढ़ रही है। कमजोर मां से कम वजन का बच्चा पैदा होता है और वही चक्र आगे चलता है।
स्तनपान में कमी: स्वास्थ्य सर्वेक्षण में पहले छह माह तक सिर्फ स्तनपान की दर 74 प्रतिशत से घटकर 56.4 प्रतिशत रह गई है।
पूरक आहार की कमी: सिर्फ 12 प्रतिशत बच्चों को ही 6 से 23 माह की उम्र में न्यूनतम स्वीकार्य आहार मिल पा रहा है। यानी 88 प्रतिशत बच्चों को उम्र के हिसाब से पर्याप्त और संतुलित भोजन नहीं मिल रहा। दाल, हरी सब्जी, अंडा, दूध, फल की जगह सिर्फ चावल-रोटी दी जा रही है।
बार-बार संक्रमण: दस्त, निमोनिया, कृमि संक्रमण और साफ पानी-शौचालय की कमी से बच्चे का खाया-पिया शरीर को नहीं लग पाता।
गरीबी और जानकारी की कमी: महंगाई, मजदूरी की अनिश्चितता और पोषण के बारे में जागरूकता की कमी भी बड़ी वजह है। कई परिवारों को लगता है कि बच्चा छोटा है तो ठीक है, जबकि ठिगनापन एक बार हो जाए तो उसे पूरी तरह ठीक करना मुश्किल होता है।
स्वास्थ्य विभाग में जिला टीकाकरण अधिकारी डा विनोद गुप्ता का कहना है कि पहले 1000 दिन यानी गर्भधारण से लेकर दो साल तक का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान मां का पोषण, सिर्फ स्तनपान, समय पर पूरक आहार और टीकाकरण ही बच्चे की लंबाई और दिमागी विकास तय करता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर माह बच्चों की लंबाई-वजन मापकर पोषण ट्रैकर पर दर्ज करती हैं। गंभीर कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कर इलाज दिया जाता है।
एनएससीबी मेडिकल कालेज में पूर्व विभागाध्यक्ष मोनिका लाजरस के अनुसार ठिगनेपन का असर सिर्फ कद पर नहीं पड़ता। ऐसे बच्चों में सीखने-समझने की क्षमता कम हो जाती है, रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है और बड़े होने पर डायबिटीज, हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है।
रानी दुर्गावती महिला चिकित्सालय एल्गिन में डा पल्लवी लोंदे के अनुसार बच्चे को सिर्फ पेट भरने वाला नहीं, बल्कि प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन-ए और कैल्शियम वाला आहार दिया जाए।