
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। त्योहारों की भागदौड़, मेहमानों की आवभगत और खानपान की व्यस्तता के बाद अब महिलाएं अपनी सेहत के लिए समय निकालने की तैयारी कर रही हैं। दिवाली के बाद मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। ऐसे में महिलाओं के लिए यह समय अपनी दिनचर्या को दोबारा व्यवस्थित करने और फिटनेस पर ध्यान देने का है।
त्योहारों के दौरान खानपान में हुए बदलावों को संतुलित करने के साथ ही अब महिलाएं अपनी डाइट, व्यायाम, योग और त्वचा की देखभाल को लेकर भी सजग हो रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों का मौसम शरीर को सक्रिय रखने और खानपान में पौष्टिक चीजें शामिल करने का अच्छा अवसर है। ऐसे में दिनचर्या में कुछ छोटे बदलाव करके महिलाएं शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रख सकती हैं।
डाइटिशियन प्रियंका डेम्बला के अनुसार, त्योहारों के दौरान मिठाइयों, पकवानों और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ जाता है। ऐसे में अब महिलाओं को अपनी डाइट में संतुलन बनाने की जरूरत है।
सर्दियों में लड्डू, घी और अन्य हाई कैलोरी खाद्य पदार्थों का सेवन जरूरत से ज्यादा नहीं करना चाहिए। अत्यधिक आयली और डीप फ्राइड चीजों को सीमित रखते हुए मौसमी फल और सब्जियों को डाइट का हिस्सा बनाना चाहिए।
वे बताती हैं कि आंवला, अमरूद, संतरा, पालक, मेथी, सरसों का साग, गाजर, चुकंदर और शकरकंद जैसे मौसमी खाद्य पदार्थ विटामिन, मिनरल्स, एंटीआक्सिडेंट और फाइबर के अच्छे स्रोत हैं। शरीर की प्रोटीन की जरूरत पूरी करने के लिए दालें, पनीर, दूध, दही और सोया को शामिल करना चाहिए।
वहीं बादाम, अखरोट, अलसी और पंपकिन सीड्स से हेल्दी फैट, जिंक और मैग्नीशियम मिलता है। पर्याप्त पानी पीने, अच्छी नींद लेने और नियमित शारीरिक गतिविधि के साथ आयरन, कैल्शियम, विटामिन डी और बी12 जैसे पोषक तत्वों का भी ध्यान रखना जरूरी है।
.jpg)