हैंडमेड ज्वेलरी का बढ़ा क्रेज, युवतियों को भा रहे यूनिक और स्टाइलिश डिजाइन
हैंडमेड ज्वेलरी की खासियत इसकी विविधता है। जींस-टाॅप के साथ पहने जाने वाले बीडेड नेकलेस, रंगीन ब्रेसलेट और छोटे इयररिंग्स युवतियों को पसंद आ रहे हैं। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 22 Oct 2026 01:05:19 PM (IST)Updated Date: Thu, 22 Oct 2026 01:13:30 PM (IST)
हैंडमेड ज्वेलरी का बढ़ा क्रेज।HighLights
- कम खर्च में आकर्षक लुक देने वाली ज्वेलरी बनी पसंद।
- छात्राएं खुद भी सीखकर तैयार कर रहीं नए डिजाइन।
- युवतियों को भा रहे यूनिक और स्टाइलिश डिजाइन।
दीप्ति मुले, जबलपुर। फैशन की दुनिया में इन दिनों हैंडमेड ज्वेलरी का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है। बाजार में मिलने वाली पारंपरिक ज्वेलरी के साथ अब युवतियां और छात्राएं हाथों से तैयार किए गए अनोखे डिजाइन को भी खूब पसंद कर रही हैं। मोतियों, रंग-बिरंगे धागों, बीड्स, क्ले, सीप, पत्थरों और मेटल के छोटे-छोटे आकर्षक टुकड़ों से तैयार होने वाली यह ज्वेलरी कॉलेज गोइंग गर्ल्स के बीच खास लोकप्रिय हो रही है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे अपनी पसंद, कपड़ों के रंग और अवसर के अनुसार तैयार किया जा सकता है। कम बजट में स्टाइलिश दिखने का विकल्प मिलने के कारण भी हैंडमेड ज्वेलरी युवतियों को आकर्षित कर रही है।
वेस्टर्न से लेकर एथनिक आउटफिट तक के लिए विकल्प
- हैंडमेड ज्वेलरी की खासियत इसकी विविधता है। जींस-टाॅप के साथ पहने जाने वाले बीडेड नेकलेस, रंगीन ब्रेसलेट और छोटे इयररिंग्स युवतियों को पसंद आ रहे हैं।
- वहीं, कुर्ती, साड़ी और लहंगे के साथ पहनने के लिए आक्सीडाइज्ड स्टाइल, मोतियों वाले झुमके, चोकर और ट्रेडिशनल डिजाइन की ज्वेलरी भी बनाई जा रही है।
- त्योहारों और कॉलेज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान रंग-बिरंगी ज्वेलरी की मांग बढ़ जाती है। आजकल कस्टमाइज्ड ज्वेलरी का चलन भी देखने को मिल रहा है।
- इसमें नाम के अक्षरों वाले ब्रेसलेट, पसंदीदा रंगों के नेकलेस और खास अवसरों के लिए तैयार किए गए इयररिंग्स शामिल हैं।
- सोशल मीडिया पर नए डिजाइन देखने के बाद छात्राएं उन्हें खुद बनाने का प्रयास भी कर रही हैं। इससे उनकी रचनात्मकता को बढ़ावा मिल रहा है और वे अपनी पसंद के अनुसार नए प्रयोग कर पा रही हैं।
खुद तैयार कर रही हैं फैशन एक्सेसरीज
- प्रशिक्षिका प्रियंका शर्मा ने बताया कि हैंडमेड ज्वेलरी केवल फैशन तक सीमित नहीं है।
- बल्कि यह छात्राओं के लिए अपनी कला और हुनर दिखाने का माध्यम भी बन रही है।
- कई छात्राएं ऑनलाइन वीडियो और ट्यूटोरियल की मदद से बीड्स, धागों और क्ले से ज्वेलरी बनाना सीख रही हैं।
- शुरुआत में छोटे ब्रेसलेट और इयररिंग्स तैयार किए जाते हैं।
- धीरे-धीरे डिजाइन में नयापन लाकर नेकलेस, पेंडेंट और दूसरे फैशन एक्सेसरीज बनाए जा सकते हैं।
- इस तरह की ज्वेलरी तैयार करने के लिए बहुत अधिक सामग्री की जरूरत नहीं होती।
- अपनी पसंद के मोती, धागे, हुक और अन्य सजावटी सामग्री लेकर कम बजट में शुरुआत की जा सकती है।
- यदि डिजाइन आकर्षक हो और फिनिशिंग अच्छी हो, तो इसे उपहार देने या छोटे स्तर पर बिक्री के लिए भी तैयार किया जा सकता है।
- इस तरह शौक को रचनात्मक गतिविधि और कमाई के अवसर में बदला जा सकता है।
छात्राओं की पसंद में शामिल हुई हैंडमेड ज्वेलरी
छात्रा राशि तिवारी कहती है कि मुझे हैंडमेड ज्वेलरी इसलिए पसंद है, क्योंकि इसमें अपनी पसंद के रंग और डिजाइन चुनने की आजादी मिलती है। कॉलेज में रोजाना पहनने के लिए हल्की और सिंपल ज्वेलरी अच्छी लगती है। खास बात यह है कि एक ही तरह के डिजाइन तक सीमित नहीं रहना पड़ता। कपड़ों के हिसाब से अलग-अलग कॉम्बिनेशन तैयार किए जा सकते हैं।