
लाइफस्टाइल डेस्क। दीपावली पर किसी के घर मिठाई लेकर पहुंचना और बदले में मिठाई का डिब्बा लेकर लौटना वर्षों पुरानी परंपरा है। इस परंपरा में सोनपापड़ी का डिब्बा तो जैसे स्थायी हिस्सा बन गया था, लेकिन अब उपहार देने का अंदाज बदल रहा है। बाजार में मिठाई के सामान्य डिब्बों की जगह आकर्षक गिफ्ट बाॅक्स ने ले ली है। इनमें मिठाई के साथ नमकीन, चाॅकलेट, सूखे मेवे और सजावटी सामान का ऐसा मेल तैयार किया जा रहा है, जो उपहार को खास बना रहा है। ग्वालियर के महाराज बाड़ा, दौलतगंज और लश्कर के बाजारों में इन दिनों ऐसे गिफ्ट बाक्स की मांग और तैयारियों का असर दिखाई देने लगा है।
अब लोग केवल मिठाई का डिब्बा खरीदकर औपचारिकता पूरी नहीं करना चाहते। उनकी कोशिश रहती है कि उपहार खोलने वाले को उसमें कई तरह की चीजें मिलें। इसी पसंद को देखते हुए बाजार में मिठाई और नमकीन के कॉम्बिनेशन वाले बाक्स तैयार किए जा रहे हैं। इनमें काजू कतली, बेसन के लड्डू, ड्राईफ्रूट मिठाई, चाकलेट, कुकीज के साथ नमकीन की अलग-अलग किस्में रखी जा रही हैं। वहीं ड्राईफ्रूट के शौकीनों के लिए बादाम, काजू, पिस्ता और किशमिश के आकर्षक पैक उपलब्ध हैं। कुछ गिफ्ट बाक्स में चाय-काफी के पैक, चाकलेट, सजावटी दीये, मोमबत्तियां और छोटे शोपीस भी शामिल किए जा रहे हैं। इस तरह एक ही बाक्स में खाने-पीने की चीजों के साथ दीपावली की सजावट का सामान भी मिल रहा है।
उपहार की सामग्री के साथ उसकी पैकिंग पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। लकड़ी के डिब्बे, रंगीन गत्ते के बाक्स, पारदर्शी पैकिंग, टोकरी और कपड़े से सजे पैक बाजार में उपलब्ध हैं। इन पर रिबन, सजावटी फूल, दीपावली संदेश और आकर्षक डिजाइन बनाए जा रहे हैं। कई ग्राहक अपने परिवार, प्रतिष्ठान या कंपनी के नाम से विशेष पैकिंग भी करवा रहे हैं।
गिफ्ट बाक्स का एक बड़ा आकर्षण यह है कि ग्राहक अपनी पसंद और बजट के मुताबिक इसकी सामग्री तय कर सकते हैं। किसी को केवल ड्राईफ्रूट चाहिए तो किसी को मिठाई, नमकीन और चाकलेट का मिश्रण। व्यापारिक प्रतिष्ठान अपने कर्मचारियों और ग्राहकों को देने के लिए बड़ी संख्या में एक जैसे बॉक्स तैयार करवा रहे हैं।
गिफ्ट बाॅक्स (सामान्य आकार) - अनुमानित कीमत (रुपयों में )
मिठाई का छोटा गिफ्ट बाक्स - 250–400
मिठाई और नमकीन काम्बो - 400–600
ड्राईफ्रूट गिफ्ट बाक्स - 500–1,000
चाकलेट एवं कुकीज बाक्स - 350–700
प्रीमियम ड्राईफ्रूट बाक्स - 1,000–2,000
मिठाई, नमकीन और ड्राईफ्रूट काम्बो - 700–1,500
सजावटी प्रीमियम गिफ्ट हैम्पर - 1,000–2,500
गोविंदपुरी के दुकानदार नीरज गुप्ता बताते हैं कि पहले त्योहारों पर ज्यादातर ग्राहक मिठाई के डिब्बे खरीदते थे, लेकिन अब लोग कुछ अलग देना चाहते हैं। गिफ्ट बॉक्स में अपनी पसंद की चीजें शामिल करवाने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ रही है। खासकर ऐसे बॉक्स पसंद किए जा रहे हैं, जिनमें मिठाई के साथ ड्राईफ्रूट और नमकीन भी हों।
सिटी सेंटर में मिष्ठान की दुकान के संचालक संजीव गोयल के अनुसार, अब ग्राहक उपहार की पैकिंग को भी उतनी ही अहमियत देते हैं, जितनी उसके अंदर रखी सामग्री को। कई लोग पहले से डिजाइन और आकार पसंद करके ऑर्डर दे रहे हैं। कंपनियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की ओर से भी विशेष पैकिंग की मांग आ रही है।