
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। दिवाली पर इंदौर की गलियों में सजावट, बाजारों में खरीदारी, मिठाइयों की खुशबू और पटाखों की गूंज के बीच जो रौनक दिखाई देती है, वह सात समंदर पार रहने वाले इंदौरियों के लिए भी खास मायने रखती है। भले ही विदेश में त्योहार मनाने का तरीका और माहौल अलग हो, लेकिन घर में दीये जलाने, रंगोली बनाने, मिठाइयां तैयार करने और अपनों के साथ खुशियां बांटने की परंपरा उन्होंने कायम रखी।
अमेरिका के सिलिकान वैली में भारतीयों के साथ अलग-अलग देशों के लोग भी दिवाली के आयोजन में शामिल हुए, तो ब्राजील में रहने वाले इंदौरियों ने घरों में सजावट और भारतीय पकवानों के साथ त्योहार मनाया। हालांकि, दोनों जगह इंदौर की बाजारों वाली रौनक और परिवार के साथ त्योहार मनाने की कमी जरूर महसूस हुई।
विदेश में दिवाली केवल एक दिन का आयोजन नहीं रह गई है। कहीं कंपनियों में भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई दी तो कहीं भारतीय समुदाय ने मिलकर प्री और पोस्ट दिवाली मिलन आयोजित किए। विदेश में रहने वाले इंदौरियों के लिए यह त्योहार अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहने का एक खास मौका भी बना।
अमेरिका के सिलिकान वैली में पिछले 35 वर्षों से रह रहे राजीव नेमा बताते हैं कि इस क्षेत्र में करीब पांच लाख भारतीय रहते हैं। यहां भारत के अलग-अलग राज्यों और समुदायों के लोग हैं।
जैन समाज के दिगंबर और श्वेतांबर मंदिरों से लेकर साईं बाबा मंदिर तक, हर समुदाय अपने तरीके से त्योहार मनाता है। ऐसे में दिवाली के दौरान पूरा भारतीय माहौल देखने को मिलता है। घरों में लगातार पार्टियां और मंदिरों में आयोजन होते हैं।
राजीव बताते हैं कि उनकी कई कंपनियों में दिवाली के आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों में भारतीय कर्मचारी नेतृत्व करते हैं। रंगोली बनाने से लेकर खाने की व्यवस्था और सजावट तक की जिम्मेदारी भारतीय कर्मचारी संभालते हैं।
खास बात यह है कि इन आयोजनों में केवल भारतीय ही नहीं, बल्कि अमेरिकी, चीनी और यूरोपीय कर्मचारी भी उत्साह से शामिल होते हैं। कई विदेशी कर्मचारी भारतीय कुर्ते और रंगीन दुपट्टे पहनकर आते हैं। इस तरह दिवाली भारतीय समुदाय तक सीमित न रहकर अलग-अलग संस्कृतियों के लोगों को जोड़ने का अवसर बनती है।
हालांकि, पटाखे जलाने को लेकर सख्त नियम हैं। घर लकड़ी के बने होने और आसपास जंगल होने के कारण आग लगने का खतरा रहता है। इसलिए बड़े पटाखों और राकेट की अनुमति नहीं होती। लोग अपने घरों के आगे और पीछे के हिस्से में फुलझड़ी, छोटी चकरी और रस्सी जैसे सीमित पटाखे ही जला पाते हैं। राजीव का कहना है कि विदेश में रहकर वे अगली पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करते हैं।
ब्राजील में रहने वाली ज्ञानश्री कराहे के लिए दिवाली का मतलब घर को सजाना, अपने हाथों से मिठाइयां बनाना और परिवार के साथ समय बिताना है। वह बताती हैं कि वहां भारतीय त्योहारों पर छुट्टी नहीं होती, इसलिए रोजमर्रा के काम के साथ ही त्योहार की तैयारियां करनी पड़ती हैं।
घर में दीये जलाए जाते हैं और रंगोली भी बनाई जाती है, लेकिन वह इसे घर के अंदर ही बनाना पसंद करती हैं। इसकी वजह यह है कि वहां के लोगों को रंगोली का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व नहीं पता होता। ऐसे में कोई अनजाने में उस पर पैर रख सकता है।
ज्ञानश्री बताती हैं कि भारतीय समुदाय के लोग प्री और पोस्ट दिवाली मिलन भी आयोजित करते हैं। इन आयोजनों में सभी अपने घर से मिठाइयां और पकवान बनाकर लाते हैं। साथ में खाना, डांस और मस्ती होती है। दिवाली के दिन परिवार के साथ रहने की परंपरा को ध्यान में रखते हुए आयोजन त्योहार से पहले रखे जाते हैं, ताकि मुख्य दिन घर पर रहकर पूजा और दीये जलाए जा सकें।
वह कहती हैं कि ब्राजील में भारतीय त्योहारों को लेकर कुछ लोगों में जागरूकता है, खासकर योग, भारतीय संस्कृति और दूतावास से जुड़े लोगों को दिवाली के बारे में जानकारी है। हालांकि, इंदौर जैसी बाजारों की रौनक, धनतेरस पर खरीदारी, सड़कों पर बिकते दीये, गन्ने, रंगोली और सजावट का सामान यहां नहीं मिलता। यही छोटी-छोटी चीजें सबसे ज्यादा याद आती हैं।