
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। त्वचा का रंग बदलने और गोरा दिखने की चाह में लोग कई बार अपनी त्वचा की सेहत को ही दांव पर लगा देते हैं। बाजार में मिलने वाली गोरापन बढ़ाने वाली क्रीम, सीरम और इंस्टेंट ग्लो उत्पादों के इस्तेमाल से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है।
हाल ही में मध्यप्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने दो पाकिस्तानी क्रीम गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम को लेकर स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है।
इन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक भारी धातुएं पाए जाने और भारत में इनके आयात की अनुमति नहीं होने की बात सामने आई है। त्वचा का प्राकृतिक रंग मुख्य रूप से मेलेनिन नामक पिगमेंट से निर्धारित होता है।
मेलेनिन न केवल त्वचा को रंग देता है, बल्कि सूर्य की पराबैंगनी किरणों से बचाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हर व्यक्ति की त्वचा का रंग आनुवंशिकता के आधार पर अलग होता है। ऐसे में रंग निखारने और त्वचा को स्वस्थ रखने के बीच अंतर समझना जरूरी है।
त्वचा रोग विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ क्रीम में मौजूद हाइड्रोक्विनोन जैसे तत्व पिगमेंटेशन कम करने में मदद कर सकते हैं, लेकिन इनका इस्तेमाल चिकित्सकीय निगरानी में ही होना चाहिए। वहीं, बिना सलाह के स्टेरायड युक्त क्रीम लगाने से त्वचा पतली होना, लालिमा, मुंहासे और नसें दिखाई देने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पारे जैसी भारी धातुओं वाले उत्पाद लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर किडनी और तंत्रिका तंत्र को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
सौंदर्य के लिए बालों पर किए जाने वाले रासायनिक उपचार भी नुकसानदेह हो सकते हैं। बार-बार हेयर स्ट्रेटनिंग, कलरिंग और केमिकल ट्रीटमेंट से बालों की बाहरी परत प्रभावित होती है।
इससे बाल रूखे, कमजोर और बेजान होकर टूटने लगते हैं। कुछ स्ट्रेटनिंग उत्पादों से निकलने वाला फॉर्मल्डिहाइड स्वास्थ्य के लिए भी हानिकारक हो सकता है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, त्वचा और बालों की देखभाल के लिए नियमित सफाई, मॉइश्चराइजर, धूप से बचाव और संतुलित खानपान जरूरी है। किसी भी क्रीम या रासायनिक उपचार को अपनाने से पहले चिकित्सक से सलाह लेनी चाहिए।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जयेश कोठारी बताते हैं कि उनके पास कई बार ऐसे मरीज आते हैं, जिन्होंने चेहरा गोरा करने के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरायड युक्त क्रीम का इस्तेमाल किया होता है।
एक महिला मरीज ने कई दिनों तक बेट्नोवेट क्रीम चेहरे पर लगाई, जिसके बाद उसकी त्वचा बेहद पतली हो गई और घाव तक हो गए। ऐसी स्थिति को टॉपिकल स्टेरायड डैमेज्ड फेस (टीएसडीएफ) कहा जाता है।
खराब गुणवत्ता वाले उत्पादों और बिना सलाह स्टेरायड क्रीम के इस्तेमाल से यह समस्या बढ़ रही है। इसी तरह केमिकल युक्त चीजों का बालों पर प्रयोग भी उन्हें नुकसान पहुंचा रहा है।