डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक, ऊर्जा और पोषण की सख्त जरूरत होती है। ऐसे में मौसमी फल न केवल स्वाद में लाजवाब होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी किसी अमृत से कम नहीं। डॉक्टर भी मानते हैं कि यदि रोजाना मौसमी फल खाए जाएं, तो बीमारियों से बचा जा सकता है और शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं। तो आइए गर्मी के इन फलों की खासियत और सेहत को इनसे होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।
गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक, एनर्जी और हाइड्रेशन की जरूरत होती है। ऐसे में मौसमी फल हमारे लिए एक नेचुरल हेल्थ सप्लीमेंट की तरह काम करते हैं। कहा भी जाता है कि जो फल नहीं खाते, उनके लिए अस्पताल में फल लेकर जाना पड़ता है। इसलिए, रोजाना मौसमी फल खाना न केवल सेहतमंद आदत है बल्कि यह बीमारियों से भी दूर रखता है।
तरबूज, खरबूजा, आम, लीची, पपीता, जामुन, संतरा, नाशपाती और ड्रैगन फ्रूट जैसे फल गर्मियों में आसानी से मिल जाते हैं। ये सभी शरीर को ठंडक देने, हाइड्रेटेड रखने और जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स देने का काम करते हैं।
चेरी (Cherry): चेरी एक छोटा लेकिन ताकतवर फल है। इसमें विटामिन-सी, पोटेशियम, फाइबर और एंटी-ऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो ब्लड शुगर कंट्रोल करने और पाचन सुधारने में मददगार होते हैं। इसका स्वाद खट्टा-मीठा होता है। यह त्वचा व बालों के लिए भी फायदेमंद है।
आलू बुखारा (Plum): यह लाल, पीले या काले रंग का होता है। इसमें आयरन, पोटेशियम और विटामिन-सी होता है जो इम्यूनिटी बढ़ाता है और खून की कमी दूर करता है।
ड्रैगन फ्रूट: यह अनोखा दिखने वाला फल विटामिन C और फाइबर से भरपूर होता है। यह वजन घटाने, डाइजेशन सुधारने और त्वचा में ग्लो लाने में मदद करता है।
जामुन: डायबिटीज के मरीजों के लिए वरदान है। यह ब्लड शुगर कंट्रोल करता है, वजन घटाने में सहायक है और पाचन क्रिया को दुरुस्त करता है।
नाशपाती (Pear): यह सेब जैसा दिखता है लेकिन फाइबर, विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह दिल की सेहत सुधारता है और त्वचा को ग्लोइंग बनाता है।
संतरा: विटामिन-सी से भरपूर संतरा इम्यून सिस्टम को बूस्ट करता है, मूड अच्छा करता है और स्किन को हेल्दी बनाता है।
आम: ‘फलों का राजा’ आम में कई किस्में होती हैं- दशहरी, लंगड़ा, चौसा, अल्फांसो, नीलम आदि। यह विटामिन-ए और सी का अच्छा स्रोत है और गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल है।
इन सभी फलों को अपने डेली डाइट में शामिल कर आप गर्मी में भी खुद को ताजगी और तंदुरुस्ती से भर सकते हैं। इसलिए आज से ही एक प्लेट फल को अपनी थाली का हिस्सा बनाएं।