
हेल्थ डेस्क। चेहरे को गोरा करने, दाग-धब्बे हटाने और पिंपल्स से छुटकारा पाने के लिए कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के फेयरनेस क्रीम का इस्तेमाल करते हैं। सोशल मीडिया पर दिखने वाले विज्ञापन और जल्दी असर करने के दावे भी लोगों को ऐसे प्रोडक्ट्स खरीदने के लिए आकर्षित करते हैं। लेकिन कुछ क्रीम में मौजूद केमिकल स्किन के साथ-साथ शरीर के अंदरूनी अंगों को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
हाल ही में केरल में एक किशोरी के किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित होने का मामला सामने आया है। डॉक्टरों के मुताबिक, जांच में उसके शरीर में मरकरी यानी पारा की मात्रा काफी अधिक पाई गई। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से स्किन लाइटनिंग क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी। इस मामले ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर चेहरे पर लगाई जाने वाली क्रीम किडनी को कैसे नुकसान पहुंचा सकती है?
किडनी हमारे शरीर का फिल्टर सिस्टम है। यह खून से अपशिष्ट पदार्थों और अतिरिक्त पानी को बाहर निकालने का काम करती है। इसके लिए किडनी में लाखों छोटे फिल्टर होते हैं, जिन्हें ग्लोमेरुली कहा जाता है। ये खून को साफ करते हुए शरीर के जरूरी प्रोटीन को रक्त में बनाए रखते हैं।
कुछ फेयरनेस और स्किन लाइटनिंग क्रीम में मरकरी जैसे जहरीले तत्व मौजूद हो सकते हैं। मरकरी एक भारी धातु है, जो शरीर के लिए नुकसानदायक होती है। जब ऐसी क्रीम को बार-बार स्किन पर लगाया जाता है, तो उसमें मौजूद मरकरी के कुछ कंपाउंड स्किन के जरिए शरीर में प्रवेश कर सकते हैं।
इसके बाद ये रक्त के जरिए शरीर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंच सकते हैं। मरकरी का लंबे समय तक संपर्क किडनी के फिल्टरिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे किडनी खून में मौजूद जरूरी प्रोटीन को रोकने में असमर्थ हो सकती है और प्रोटीन पेशाब के जरिए बाहर निकलने लगता है।
इसी स्थिति में मरीज को मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी जैसी बीमारी हो सकती है। इसमें किडनी की फिल्टरिंग झिल्ली प्रभावित होती है और शरीर से बड़ी मात्रा में प्रोटीन निकलने लगता है।
जब पेशाब के जरिए शरीर से अधिक मात्रा में एल्ब्यूमिन नाम का प्रोटीन बाहर निकलता है, तो खून में इसकी मात्रा कम हो सकती है। एल्ब्यूमिन शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है।
इसकी कमी होने पर शरीर के टिशू में पानी जमा होने लगता है। मरीज को चेहरे, आंखों के आसपास, पैरों और हाथों में सूजन दिखाई दे सकती है। पेशाब में झाग आना, कमजोरी, वजन बढ़ना और पेशाब की मात्रा में बदलाव भी किडनी से जुड़ी समस्या के संकेत हो सकते हैं।
अगर किडनी को लगातार नुकसान पहुंचता रहे और समय पर इलाज न मिले, तो उसकी कार्यक्षमता धीरे-धीरे कम हो सकती है। गंभीर मामलों में किडनी फेलियर का खतरा भी पैदा हो सकता है।
मरकरी के संपर्क में आने का असर केवल किडनी तक सीमित नहीं रहता। लंबे समय तक इसकी अधिक मात्रा शरीर में पहुंचने से नर्वस सिस्टम भी प्रभावित हो सकता है। इसके कारण हाथों में कंपन, याददाश्त कमजोर होना, चिड़चिड़ापन, ध्यान लगाने में परेशानी और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं।
इसके अलावा स्किन में जलन, खुजली और मुंह में घाव जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं। नुकसान कितना होगा, यह मरकरी की मात्रा, उसके प्रकार, क्रीम लगाने की अवधि और शरीर में कितनी मात्रा अवशोषित हुई है, इस पर निर्भर करता है।