
लाइफस्टाइल डेस्क, नईदुनिया। पिता का नाम सुनते ही जिम्मेदारी, सुरक्षा, प्यार और हर मुश्किल का समाधान याद आता है। मां जहां बच्चों के लिए ममता और स्नेह का प्रतीक होती हैं, वहीं पिता परिवार की वह मजबूत दीवार होते हैं जो हर परिस्थिति में अपने बच्चों के लिए खड़े रहते हैं। बच्चों की हर छोटी-बड़ी जरूरत को बिना कहे पूरा करने वाले पिता के समर्पण और बलिदान को सम्मान देने के लिए हर साल फादर्स डे (Father's Day) मनाया जाता है।

अक्सर परिवार में मां के प्यार, भावनाओं और त्याग की चर्चा ज्यादा होती है, लेकिन पिता की मेहनत, संघर्ष और जिम्मेदारियों को कई बार नजरअंदाज कर दिया जाता है। पिता अपने परिवार की खुशियों के लिए कई बार अपनी इच्छाओं को पीछे छोड़ देते हैं। इसी भूमिका और योगदान को दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर साल एक खास दिन पिता के नाम समर्पित किया गया है।
हर साल फादर्स डे की तारीख बदलती रहती है क्योंकि इसे किसी निश्चित तारीख पर नहीं मनाया जाता। पूरी दुनिया में फादर्स डे (Father's Day 2026 Date) जून महीने के तीसरे रविवार को मनाया जाता है। साल 2026 में जून का तीसरा रविवार 21 जून को पड़ रहा है। ऐसे में इस साल Father's Day 21 जून 2026 को मनाया जाएगा।
संडे का दिन होने की वजह से लोगों के पास अपने पापा के साथ समय बिताने और इस खास दिन को यादगार बनाने का पूरा मौका रहेगा।
फादर्स डे की शुरुआत की कहानी काफी भावनात्मक है। इसकी शुरुआत अमेरिका की रहने वाली सोनोरा स्मार्ट डोड (Sonora Smart Dodd) ने की थी। जब सोनोरा बहुत छोटी थीं, तभी उनकी मां का निधन हो गया था। इसके बाद उनके पिता विलियम जैक्सन स्मार्ट ने अकेले ही अपनी बेटी और बाकी 5 बच्चों की परवरिश की।
विलियम जैक्सन स्मार्ट ने बच्चों को मां और पिता दोनों का प्यार दिया। बड़े होने के बाद सोनोरा स्मार्ट डोड को महसूस हुआ कि जिस तरह मां के सम्मान के लिए मदर्स डे मनाया जाता है, उसी तरह पिताओं के सम्मान के लिए भी एक विशेष दिन होना चाहिए।
उनके प्रयासों के बाद पहली बार साल 1910 में फादर्स डे मनाया गया। इसके बाद साल 1972 में अमेरिका के राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन ने जून के तीसरे रविवार को आधिकारिक तौर पर फादर्स डे घोषित कर दिया। तब से यह दिन पूरी दुनिया में मनाया जाता है।
अक्सर लोग फादर्स डे (Father's Day) पर पापा को शर्ट, वॉलेट या बेल्ट जैसे सामान्य गिफ्ट देते हैं। लेकिन इस बार कुछ ऐसा दिया जा सकता है जो उनके रोजमर्रा के जीवन में काम आए और उन्हें आपकी देखभाल का एहसास कराए।
बढ़ती उम्र के साथ सेहत का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। ऐसे में स्मार्टवॉच या हेल्थ ट्रैकर अच्छा विकल्प हो सकता है। यह उनकी एक्टिविटी, हार्ट रेट, ब्लड प्रेशर और रोजाना के स्टेप्स जैसी चीजों को ट्रैक करने में मदद कर सकता है।
अगर आपके पापा पुराने गाने सुनना पसंद करते हैं, तो सारेगामा कारवा उनके लिए बेहतरीन गिफ्ट हो सकता है। इसमें किशोर कुमार, मोहम्मद रफी और मुकेश जैसे दिग्गज गायकों के हजारों गाने पहले से उपलब्ध होते हैं।
पिता अक्सर खुद पर ज्यादा खर्च नहीं करते। ऐसे में एक अच्छी ग्रूमिंग किट जिसमें रेजर, शेविंग क्रीम, आफ्टरशेव और मॉइस्चराइजर जैसी चीजें हों, उनके लिए उपयोगी गिफ्ट हो सकती है।
अगर आपके पापा सुबह या शाम टहलने जाते हैं तो उनके लिए हल्के और आरामदायक वॉकिंग शूज एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। यह उनकी सुविधा के साथ आपकी चिंता भी दिखाएगा।
फादर्स डे पर सिर्फ महंगे गिफ्ट देना जरूरी नहीं है। आप अपने समय और प्यार से भी इस दिन को यादगार बना सकते हैं। सुबह की चाय पापा के साथ पीजिए, उनसे पुराने किस्से सुनिए और उनके साथ अपनी यादें साझा कीजिए।
आप उनके पसंद का खाना बना सकते हैं या उन्हें किसी शांत जगह पर घुमाने ले जा सकते हैं। कई बार आपके साथ बिताया गया समय ही उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा बन जाता है।