
हेल्थ डेस्क। दीपावली पर पटाखों के तेज धमाके का असर सिर्फ कुछ सेकंड के शोर तक नहीं रहता। यह कानों की सुनने की क्षमता को भी नुकसान पहुंचा सकता है। पटाखे फूटने के बाद अगर अचानक कम सुनाई देने लगे, कान में घंटी या सीटी जैसी आवाज आए या कान बंद-बंद लगे, तो इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। यह भीतरी कान में चोट या अचानक सुनने की क्षमता घटने का संकेत हो सकता है।
ऐसी स्थिति में शुरुआती 72 घंटे इलाज के लिहाज से बेहद अहम होते हैं। इसे "गोल्डन पीरियड" माना जाता है। इस दौरान जांच और सही इलाज मिल जाए, तो सुनने की क्षमता को बचाया जा सकता है।
एम्स भोपाल के ईएनटी विभाग के वाक् एवं भाषा चिकित्सक प्रांजल जैन के अनुसार, कान के पास पटाखा फूटने पर निकलने वाली तेज आवाज भीतरी कान की नाजुक संरचनाओं, यानी हेयर सेल्स, को नुकसान पहुंचा सकती है। इससे सुनने की क्षमता कुछ समय के लिए कम हो सकती है। गंभीर मामलों में यह नुकसान स्थायी भी हो सकता है।

कई बार धमाके के तुरंत बाद ये लक्षण दिखाई देते हैं:
कान में सीटी या घंटी जैसी आवाज बजना
आवाज धीमी सुनाई देना
चक्कर आना
कान बंद महसूस होना