
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रसव के बाद कई महिलाओं को बैठने-उठने में टेलबोन यानी रीढ़ की हड्डी के सबसे नीचे वाले हिस्से में दर्द होने लगता है। इसे पोस्टपार्टम काक्सीडिनिया कहते हैं। बैठने पर चुभन, भारीपन और जलन जैसा दर्द होता है, जो कई बार कमर और कूल्हों तक फैल जाता है।
हमीदिया अस्पताल की स्त्रीरोग विशेषज्ञ डाॅ. शबाना सुल्ताना बताती हैं कि नार्मल डिलीवरी के समय बच्चे के बाहर आने के लिए टेलबोन को थोड़ा पीछे खिसकना पड़ता है। इसी दौरान उसके आसपास की नसों, मांसपेशियों और लिगामेंट में खिंचाव और सूजन आ जाती है। अगर शरीर में कैल्शियम और विटामिन-डी की कमी हो, तो ठीक होने में और ज्यादा समय लगता है।
डाॅ. शबाना सुल्ताना के अनुसार अगर दर्द दो हफ्ते से ज्यादा रहे, बैठना-उठना मुश्किल हो जाए, पैरों में सुन्नपन आए, बाथरूम जाने में परेशानी या बुखार आ जाए, तो देर न करें। इस दर्द का इलाज दर्द की गोली या घर की मालिश नहीं है। सही जांच, सही फिजियोथेरेपी और सही तरीके से बैठना ही इसे पूरी तरह ठीक कर सकता है।
फिजियोथैरेपिस्ट डाॅ. सुनील पाण्डेय का कहना है कि ज्यादातर महिलाएं प्रसव के बाद घर में ही किसी अनट्रेंड महिला से मालिश करा लेती हैं। यही सबसे बड़ी गलती हो रही है। प्रसव के बाद नीचे की मांसपेशियां पहले से ही कमजोर और सूजी हुई होती हैं।
ऐसे में जोर से दबाकर मालिश करना, कमर-पेट को मसलना या टेलबोन को दबाना दर्द को और बढ़ा देता है। इससे टेलबोन अपनी जगह से और खिसक जाता है और नीचे की मांसपेशियां अकड़ जाती हैं। अकड़ी हुई मांसपेशियां खुद ही दर्द पैदा करने लगती हैं।
डाॅ. पाण्डेय कहते हैं कि प्रसव के बाद की मालिश आम मालिश नहीं है। इसमें यह समझना जरूरी है कि मांसपेशी कमजोर है या अकड़ी हुई है। बिना जांच के मालिश कराने से दो हफ्ते में ठीक होने वाला दर्द महीनों तक चल सकता है।
.jpg)
पहले जांच: डाॅक्टर पहले यह देखते हैं कि मांसपेशी कमजोर है या ज्यादा टाइट है। टाइट मांसपेशी में कीगल एक्सरसाइज भी नुकसान कर सकती है।
दर्द कम करना: शुरुआत में सिकाई, हल्की हाथ की तकनीक और मांसपेशियों को ढीला करने वाले व्यायाम कराए जाते हैं।
ताकत बढ़ाना: धीरे-धीरे पेट, कमर और नीचे की मांसपेशियों को मजबूत किया जाता है। बैठने-उठने और बच्चे को दूध पिलाने का सही तरीका सिखाया जाता है।
कुशन का इस्तेमाल: बीच में कटा हुआ यू-शेप वाला कुशन लगाने से बैठने पर टेलबोन पर दबाव आधा हो जाता है। तुरंत डाॅक्टर को दिखाएं।