
लाइफस्टाइल डेस्क। आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में ज़्यादातर लोग रात 9 बजे के बाद या उससे भी देर से डिनर करते हैं। अगर आप अपनी इस आदत में एक छोटा-सा बदलाव कर लें और शाम 6 बजे से 8 बजे के बीच डिनर (Right Time for Dinner) करना शुरू कर दें, तो इसका असर सीधे आपके स्वास्थ्य पर देखने को मिल सकता है।
दरअसल, जल्दी डिनर करने की आदत आपकी सेहत के लिए अत्यंत फायदेमंद (Benefits of Early Dinner) साबित हो सकती है, और आपके शरीर में ऐसे सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जो आपको हैरान कर देंगे।
रात का डिनर जल्दी करने से शरीर को सोने से पहले भोजन पचाने का पर्याप्त समय मिल जाता है। देर रात खाने से अपच, एसिडिटी और सीने में जलन की समस्या हो सकती है। 6-8 बजे के बीच डिनर करने से डाइजेस्टिव एंजाइम्स सक्रिय रहते हैं और खाना आसानी से पच जाता है।
जब हम सोने से 2-3 घंटे पहले डिनर कर लेते हैं, तो शरीर रात में आराम और मरम्मत के काम पर ध्यान केंद्रित कर पाता है। देर से खाने पर शरीर पाचन में व्यस्त रहता है, जिससे नींद खराब होती है और इनसोम्निया (अनिद्रा) की समस्या बढ़ सकती है।
शाम को जल्दी डिनर करने से शरीर को रात भर फास्टिंग में रहने का समय मिलता है। इससे इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार होता है और मेटाबॉलिक रेट (चयापचय दर) बेहतर होती है, जो वजन को नियंत्रित रखने में सहायक है।
शाम 6-8 बजे के बीच डिनर करने से मेलाटोनिन और कोर्टिसोल जैसे हार्मोन्स का संतुलन बना रहता है। यह शरीर की सर्केडियन रिदम को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे एनर्जी लेवल और मूड पर सकारात्मक असर पड़ता है।
जल्दी डिनर करने से रात भर ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर रखने में मदद मिलती है। यह खासतौर से डायबिटीज के मरीजों या प्री-डायबिटिक स्थिति वाले लोगों के लिए अत्यधिक फायदेमंद है, क्योंकि देर रात खाना खाने से सुबह उठने पर ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है।
नियमित रूप से जल्दी डिनर करने से कोलेस्ट्रॉल लेवल और ब्लड प्रेशर पर सकारात्मक प्रभाव देखा गया है, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है।
सावधानियां : हालांकि जल्दी डिनर फायदेमंद है, लेकिन ध्यान रखें कि खाना हल्का और पौष्टिक हो। डिनर के बाद थोड़ी हल्की चहलकदमी करना भी लाभदायक रहता है।