
लाइफस्टाइल डेस्क। बदलती जीवनशैली का असर महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी दिखाई दे रहा है। अनियमित दिनचर्या, गलत खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और पर्याप्त नींद नहीं लेने से मोटापे की समस्या बढ़ रही है। मोटापा केवल शरीर का वजन बढ़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह कई दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं का कारण भी बन सकता है। इससे हार्मोनल संतुलन प्रभावित होने के साथ डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है।
महिलाओं को अपने वजन और खानपान को लेकर शुरुआत से ही सजग रहना चाहिए। इसके लिए रोजाना की डाइट में हरी सब्जियां, मौसमी फल, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें।
पर्याप्त मात्रा में पानी पीने के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। रोजाना टहलना, योग और व्यायाम वजन नियंत्रित रखने में मदद करते हैं। इसके अलावा पर्याप्त नींद और तनाव पर नियंत्रण भी स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मोटापे से बचने के लिए फास्ट फूड, बार-बार तला हुआ भोजन और अधिक कैलोरी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करना चाहिए। लंबे समय तक बैठे रहने और अनियमित दिनचर्या से भी बचें।
वजन घटाने के लिए बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं या हार्मोनल औषधियों का सेवन नहीं करना चाहिए।
डॉ. अरुणा पटेल, स्त्री रोग विशेषज्ञ का कहना है कि यदि वजन तेजी से बढ़ रहा है या इसके साथ अन्य शारीरिक परेशानियां भी हो रही हैं, तो चिकित्सक से परामर्श लेना जरूरी है।
संतुलित खानपान और नियमित दिनचर्या अपनाकर महिलाएं मोटापे के जोखिम को कम करने के साथ अपने संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बना सकती हैं।