
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दी के साथ शहर की नर्सरियों में रंग-बिरंगे फूलों की रौनक बढ़ गई है। बालकनी, छत, लान और बगिया सजाने के लिए लोग मौसमी फूलों के पौधे खरीद रहे हैं। पारंपरिक फूलों के साथ आकर्षक रंगों और आकार वाले सजावटी पौधों की मांग भी बढ़ी है। नर्सरियों में 30 से 400 रुपये तक कीमत के पौधे उपलब्ध हैं।
गजानिया, प्रिमुला, रेनू प्लस, प्रिंस लिली, एंथुरियम, बिगोनिया, गेंदा, सेवंती, पैंजी, पेटूनिया और एस्टर के पौधे ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। इनमें गजानिया, प्रिमुला, रेनू प्लस और प्रिंस लिली की बिक्री अधिक है।
ठंड में इनकी बढ़वार और फूलों की गुणवत्ता बेहतर रहती है। इन्हें गमलों में कम जगह पर भी लगाया जा सकता है, इसलिए छोटे घरों और बालकनी वाले लोग भी इन्हें खरीद रहे हैं।
सर्दियों में गेंदा और सेवंती की मांग पूजा-पाठ, घर की सजावट और आयोजनों के लिए बढ़ती है। पैंजी और पेटूनिया को गमलों, रेलिंग और हैंगिंग बास्केट में लगाने के लिए पसंद किया जा रहा है।
चमकीले रंगों और लंबे समय तक खिलने के कारण गजानिया और एस्टर भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। कैला लिली, लिलियम, जेरेनियम और ग्लैडियोलस जैसे प्रीमियम पौधों की मांग भी बढ़ी है।
लोग इन्हें घर सजाने के साथ रिश्तेदारों और परिचितों को उपहार देने के लिए खरीद रहे हैं। ये पौधे सामान्य उपहारों से अलग और लंबे समय तक याद रहने वाले विकल्प हैं।