
लाइफस्टाइल डेस्क। थायराइड की समस्या आजकल बड़ी संख्या में लोगों में देखने को मिल रही है। थायराइड गर्दन में स्थित एक छोटी ग्रंथि है, जो शरीर के मेटाबालिज्म, ऊर्जा और कई महत्वपूर्ण कार्यों को नियंत्रित करने वाले हार्मोन बनाती है। जब यह ग्रंथि जरूरत से कम या ज्यादा हार्मोन बनाने लगती है, तो शरीर पर इसका असर दिखाई देने लगता है।
हाइपोथायरायडिज्म में वजन बढ़ना, थकान, ठंड अधिक लगना और बाल झड़ने जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जबकि हाइपरथायरायडिज्म में वजन घटना, दिल की धड़कन तेज होना, घबराहट और अधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिख सकते हैं।
थायराइड की समस्या होने पर नियमित रूप से दवाएं लेना सबसे जरूरी है। हाइपोथायरायडिज्म के मरीजों को डाॅक्टर द्वारा दी गई थायराक्सिन की दवा सुबह खाली पेट पानी के साथ लेनी चाहिए। इसके बाद करीब 30 से 60 मिनट तक चाय, नाश्ता या अन्य खाद्य पदार्थ लेने से बचें।
कैल्शियम और आयरन की गोलियां दवा से कम से कम चार घंटे के अंतराल पर लें। खानपान में संतुलित आहार शामिल करें। हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, साबुत अनाज और प्रोटीन युक्त भोजन लें। आयोडीन युक्त नमक का सीमित उपयोग करें। बिना डाक्टर की सलाह के आयोडीन या अन्य सप्लीमेंट न लें।
सोया और पत्तागोभी जैसी सब्जियों को सीमित मात्रा में खाना सुरक्षित है। रोजाना 30 मिनट पैदल चलना, योग और पर्याप्त नींद लेना फायदेमंद है। तनाव कम करने के लिए ध्यान और प्राणायाम करें।
डाॅ. राजेश वर्मा, हार्मोन रोग विशेषज्ञ का कहना है कि डाॅक्टर की सलाह के अनुसार टीएसएच और अन्य जरूरी थायराइड जांच नियमित कराएं।
दवा की खुराक खुद से कम या ज्यादा न करें और लक्षणों में सुधार होने पर भी उपचार बंद न करें। नियमित जांच और सही दिनचर्या से थायराइड को नियंत्रित रखा जा सकता है।