
पूजा गीते, इंदौर। सुबह पोहा-जलेबी से दिन की शुरुआत हो या शाम को चाय के साथ सेव-मिक्सचर का स्वाद, इंदौरियों की खानपान की आदतों में मिठाई और नमकीन की खास जगह है।
त्योहार हो, मेहमानों का आना हो या सामान्य दिन, इनका सेवन आम है। लेकिन स्वाद के इस सफर में शरीर कितना नमक और चीनी ले रहा है, इसका हिसाब शायद ही कोई रखता हो।
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) को ज्यादा नमक, चीनी और वसा वाले पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर सामने की ओर स्पष्ट चेतावनी देने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि खुले में बिकने वाली मिठाई और नमकीन के लिए ऐसी चेतावनी का कोई निर्देश सामने नहीं आया है। ऐसे में इनकी मात्रा समझने के लिए उपभोक्ताओं को खुद सतर्क रहना होगा।
नमकीन कारोबारियों के अनुसार, एक किलो नमकीन तैयार करने में सामान्य तौर पर 15 से 25 ग्राम तक नमक इस्तेमाल होता है। सादा सेव और भुजिया में करीब 15 से 20 ग्राम, जबकि मसाला नमकीन और चिवड़े में 18 से 25 ग्राम तक नमक पड़ सकता है। खट्टा-मीठा नमकीन में यह मात्रा करीब 12 से 18 ग्राम रहती है। इसमें साधारण नमक के साथ काला नमक और चाट मसाले से मिलने वाला नमक भी शामिल हो सकता है। इंदौर में रोजाना करीब 125 टन नमकीन का उत्पादन होता है, जिसमें से लगभग 25 टन शहर में ही खप जाता है।
नमकीन का सेवन केवल अलग से खाने तक सीमित नहीं है। पोहे पर सेव और जीरावन डालने से नमक की मात्रा बढ़ जाती है। खट्टा-मीठा मिक्सचर और इंदौरी पोहा जैसे व्यंजनों में नमक और चीनी दोनों का इस्तेमाल होता है। ऐसे में स्वाद के कारण दोनों की वास्तविक मात्रा का अंदाजा लगाना मुश्किल हो सकता है। इसलिए दिनभर में खाए गए मीठे और नमकीन खाद्य पदार्थों को अलग-अलग ध्यान में रखना जरूरी है।
वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ राकेश जैन के अनुसार, अधिक नमक का सेवन उच्च रक्तचाप का प्रमुख कारण बन सकता है। इससे हृदय और किडनी को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ता है। वहीं अधिक चीनी और कार्बोहाइड्रेट लेने से वजन बढ़ने और टाइप-2 मधुमेह का जोखिम बढ़ सकता है। सामान्य वजन वाले लोगों को भी अधिक नमक और चीनी से होने वाले नुकसान का खतरा रहता है। उन्होंने नियमित व्यायाम और समय-समय पर रक्तचाप व ब्लड शुगर की जांच कराने की सलाह दी।
तत्व| अनुशंसित मात्रा
नमक| पांच ग्राम से कम
चीनी (बेहतर स्वास्थ्य के लिए)| 25 ग्राम या उससे कम
चीनी (डब्ल्यूएचओ की अधिकतम सीमा)| 50 ग्राम से कम
टेबल : ज्यादा सेवन के नुकसान
ज्यादा नमक| ज्यादा चीनी
उच्च रक्तचाप| मोटापा
हृदय रोग और स्ट्रोक| दांतों की सड़न
किडनी संबंधी समस्याएं| टाइप-2 मधुमेह का जोखिम