शिमला-मनाली भूल जाइए! यह है भारत का 'साइबेरिया', जहां की ठंड बना सकती है आपकी कुल्फी
India coldest village: इस जगह की सर्दी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां का सामान्य तापमान भी उस स्तर से नीचे रहता है, जिस पर घरों के डीप फ ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 02 Jan 2026 09:28:17 PM (IST)Updated Date: Fri, 02 Jan 2026 09:28:17 PM (IST)
द्रास में डीप फ्रीजर से भी अधिक ठंड ( Picture Credit - Instagram)डिजिटल डेस्क। भारत में जब कड़ाके की ठंड की बात होती है, तो अक्सर हमारा ध्यान दिल्ली, शिमला या श्रीनगर की ओर जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश का सबसे ठंडा इलाका इनमें से कोई नहीं, बल्कि लद्दाख का द्रास (Drass) है। कारगिल जिले में स्थित यह छोटा सा शहर न केवल भारत, बल्कि दुनिया के सबसे ठंडे बसे हुए स्थानों में गिना जाता है।
डीप फ्रीजर से भी अधिक ठंड
द्रास की सर्दी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां का सामान्य तापमान भी उस स्तर से नीचे रहता है, जिस पर घरों के डीप फ्रीजर सेट किए जाते हैं। सर्दियों के दौरान यहां पारा औसतन -20 डिग्री सेल्सियस से -25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है, लेकिन रिकॉर्ड स्तर पर यह -40 डिग्री सेल्सियस तक भी गिर जाता है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि यहां हवा में नमी के कारण लोगों की दाढ़ी और बालों पर बर्फ जम जाती है और गीले कपड़े बाहर रखते ही लोहे की तरह सख्त हो जाते हैं।
चुनौतियों के बीच जीना पड़ता है जीवन
इतनी कठिन परिस्थितियों के बावजूद द्रास निर्जन नहीं है। यहां लगभग 22 हजार लोगों की आबादी रहती है, जिनमें मुख्य रूप से बाल्टिक और नार्डिक जनजातियां शामिल हैं। ये लोग सदियों से इस कठोर जलवायु के साथ तालमेल बिठाकर रह रहे हैं। सर्दियों में भारी बर्फबारी के कारण यह इलाका हफ्तों तक दुनिया से कटा रहता है, लेकिन फिर भी यहां का जनजीवन अपनी विशिष्ट संस्कृति के साथ धड़कता रहता है।
द्रास कैसे पहुंचें?
द्रास घूमने के इच्छुक पर्यटकों के लिए यह नेशनल हाईवे-1 के जरिए श्रीनगर और करगिल से जुड़ा है। इसके नजदीकी एयरपोर्ट श्रीनगर या लेह है। एयरपोर्ट से टैक्सी या बस के जरिए पहुंचा जा सकता है। इसके अलावा निकटतम रेलवे स्टेशन जम्मू तवी है, जो यहां से लगभग 386 किलोमीटर दूर है। यदि आप एडवेंचर के शौकीन हैं और हाड़ कंपा देने वाली ठंड का अनुभव करना चाहते हैं, तो द्रास आपके लिए सबसे बेस्ट जगह है।