
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। साहित्य के साथ संगीत, सिनेमा और संस्कृति की अलग-अलग विधाओं से रूबरू होने का अवसर शहरवासियों को मिलने जा रहा है। इंदौर लिटरेचर फेस्टिवल (आईएलएफ) का 12वां संस्करण 27, 28 और 29 नवंबर को डेली कॉलेज में आयोजित होगा।
तीन दिवसीय आयोजन में देशभर के जाने-माने लेखक, साहित्यकार, कलाकार, संगीतकार और वक्ता शामिल होंगे। इस बार अभिनेता सुधांशु पांडे, अभिनेत्री और लेखिका इला अरुण, वरिष्ठ प्रशासक तुकाराम मुंढे, गीतकार रश्मि विराग और संगीतकार श्रेयस पुराणिक सहित कई चर्चित हस्तियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
इस साल हनुमान अंश फिल्म की टीम भी उत्सव में शामिल होगी। इसमें फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, गीत "मेरे तेरे ही भरोसे हनुमान'''' के गायक सुनील लोधी और बाल हनुमान की भूमिका निभाने वाले विहान शेडगे शामिल होंगे। वहीं बुंदेली गायिका कविता शर्मा अपनी प्रस्तुतियों से लोक संस्कृति का रंग बिखेरेंगी। संगीत प्रेमियों के लिए जयपुर का प्रसिद्ध युग्म बैंड भी प्रस्तुति देगा।
उत्सव में व्यंग्यकार डाॅ. ज्ञान चतुर्वेदी, एडवोकेट विष्णु शंकर जैन, लेखक एवं प्रशासक मनोज श्रीवास्तव, शायर वरुण आनंद, कवयित्री श्रुति पारोलकर और शेफ निकुंज वासोया सहित कई हस्तियां विभिन्न विषयों पर विचार साझा करेंगी। देश के प्रमुख राजघरानों की विरासत, परंपराओं और संस्कृति पर विशेष सत्र भी आयोजित होगा।
आईएलएफ के संस्थापक प्रवीण शर्मा ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से यह उत्सव साहित्य, कला और विचारों को साझा मंच दे रहा है। इस बार भी स्थापित साहित्यकारों के साथ नई पीढ़ी के लेखकों को अवसर दिया जाएगा। कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन, ओपन माइक, पैनल डिस्कशन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
मालवी और निमाड़ी साहित्यकारों के लिए भी सत्र रखे जाएंगे। पुस्तकों, परिधानों और खानपान के स्टाल भी लगाए जाएंगे। 27 नवंबर को आयोजन शाम 4 बजे शुरू होगा, जबकि 28 और 29 नवंबर को सुबह 10 से रात 9 बजे तक सत्र होंगे। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।