
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दियों का मौसम जहां ठंडक और आराम लेकर आता है, वहीं जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों के लिए यह काफी मुश्किल भरा हो सकता है। खासकर बुजुर्ग और अर्थराइटिस के मरीजों में ठंड के दिनों में दर्द, सूजन और अकड़न अधिक बढ़ने लगती है।
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ठंड में ब्लड सर्कुलेशन धीमा पड़ जाता है और जोड़ों को चिकनाई देने वाला फ्लूइड (साइनोवियल फ्लूइड) गाढ़ा हो जाता है।
इससे मूवमेंट में परेशानी और दर्द की शिकायत बढ़ जाती है। वहीं, शरीर में विटामिन-डी की कमी भी सर्दियों में अधिक देखने को मिलती है, जो हड्डियों की कमजोरी का एक प्रमुख कारण है। ऐसे में डाइट में कुछ ऐसी चीजें शामिल करना जरूरी है, जो अंदर से गर्माहट देने के साथ इंफ्लेमेशन भी कम करें।
दिल्ली की न्यूट्रिशनिस्ट और गट हेल्थ कोच मनप्रीत कालरा के अनुसार सर्दियों में हल्दी-काली मिर्च और सूखी अदरक (सौंठ) का सेवन जोड़ों के दर्द से राहत देने में बेहद लाभकारी है।
हल्दी में मौजूद कर्क्युमिन सूजन कम करता है और जोड़ों के दर्द को कम करने में प्रभावी है। वहीं काली मिर्च में पिपेरिन नामक तत्व होता है, जो हल्दी के एब्जॉर्प्शन को बढ़ाता है। दोनों मिलकर एंटी-ऑक्सीडेंट की तरह काम करते हैं और कार्टिलेज को नुकसान से बचाते हैं। सर्दियों में रोजाना हल्दी वाला दूध या हल्दी-चाय पीना लाभकारी है।
सौंठ शरीर में गर्माहट बनाए रखती है और इंफ्लेमेशन कम करती है। यह सर्दियों में होने वाली अकड़न और दर्द को कम करती है। घुटने, कमर और कंधों के दर्द में भी राहत देती है। एक गिलास गर्म पानी में एक चौथाई टीस्पून सौंठ मिलाकर या हल्दी दूध में डालकर इसे रोजाना लिया जा सकता है।