
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। यदि घुटनों में लगातार दर्द रहता है या घुटने के पीछे की ओर दर्द महसूस होता है तो यह घुटनों से जुड़ी समस्या हो सकती है। इसके लिए घुटनों की स्ट्रेंथ पर काम करना जरूरी है। नियमित एक्सरसाइज के माध्यम से मांसपेशियों को मजबूत किया जा सकता है, जिससे घुटनों को सपोर्ट मिलता है।
साथ ही दूध, दही जैसे कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन भी किया जा सकता है। वहीं यदि उंगलियों में दर्द रहता है और मुट्ठी बंद करने में अकड़न महसूस होती है तो यह कार्पल टनल सिंड्रोम जैसी समस्या से जुड़ा हो सकता है। ऐसे मामलों में नसों और मांसपेशियों की मजबूती पर ध्यान देना जरूरी है।
सिकाई के बजाय जरूरत के अनुसार रिस्ट बेल्ट का उपयोग किया जा सकता है। यह बातें न्यूरोलाजिस्ट डॉ. अर्चना वर्मा ने हैलो डाॅक्टर कार्यक्रम में पाठकों की शंकाओं का समाधान करते हुए कही।
.jpg)
- ढंग से चलने और बैठने के दौरान कमर में दर्द होता है, थेरेपी करवाई लेकिन कोई लाभ नहीं मिला? - रितु तिवारी
यह समस्या दवा से ठीक हो सकती है। इसके लिए फिजियोथेरेपी या मसाज की जरूरत नहीं है। दर्द बंद होने के बाद नियमित रूप से कमर को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज करें। बैक स्ट्रेंथिंग एक्सरसाइज करना बेहतर होगा।
- किचन में खाना बनाते समय घुटनों में और उठने के बाद कमर में दर्द होता है? -सुमन पारीक
यह बीमारी मेडिकल ट्रीटमेंट से ठीक हो सकती है। बैक स्ट्रैंथिग एक्सरसाइज और थाई मसल्स की स्ट्रेंथिंग करना होगी। कैल्शियम युक्त पदार्थ का सेवन अधिक करें।
-गर्दन और कमर में दर्द रहता है, कैसे ठीक होगा? - मनीष मालवीय
मसल्स की अकड़न खोलने के लिए गर्दन को अचानक नहीं घुमाना चाहिए। इससे हड्डी या लिगामेंट काे नुकसान हो सकता है। यह दर्द सामान्य दवाओं से ठीक हो सकता है। यदि चलने में लड़खड़ाहट या कमजोरी है आपरेशन करवा सकते हैं।
- लंबे समय तक खड़े रहते हैं, क्या करना चाहिए? - राजेश शर्मा
45 से 1 घंटे के बाद ब्रेक लेकर छोटी-छोटी एक्सरसाइज करनी चाहिए। गर्दन को मूव करें और हाथों से कमर को मूव करें। यह एक्सरसाइज मसल्स को बेहतर रखती है और दर्द में भी राहत मिलती है।
- पीछे की ओर देखने पर गर्दन में दर्द होता है? - राजेंद्र वालेकर
नियमित रूप से नेक मसल्स स्ट्रैंथिंग एक्सरसाइज करें। इससे नेक मसल्स मजबूत बनती है और दर्द में भी राहत मिलती है।
- पैरों पर लोड नहीं आता है और हाथों की उंगलियों में झुनझुनी आती है? - अनिल देशमुख
यह गर्दन की नस में दबाव के लक्षण है। उपचार से पहले यह देखना होगा की गर्दन की नस डैमेज तो नहीं हुई। इसके लिए आप विशेषज्ञ डाक्टर से सलाह लें।
- पैरों में बहुत दर्द रहता है, रात में अधिक दर्द के कारण नींद भी नहीं आती? - जीविता कोलेकर
आप यूरिक एसिड की जांच करवाएं। इससे स्थिति स्पष्ट होगी। नियमित रूप से 3 लीटर पानी पिएं। यह समस्याएं उपचार से ठीक हो सकती है।