
लाइफस्टाइल डेस्क। दिनभर की भागदौड़ के बाद रात शरीर के लिए खुद को संभालने और थकान से उबरने का समय होता है। इस दौरान शरीर की कई आंतरिक प्रक्रियाएं आराम और मरम्मत के अनुकूल होती हैं।
लेकिन कुछ लोगों की आदत होती है कि रात का भोजन करने के बाद भी वे टीवी देखते हुए या मोबाइल चलाते समय चिप्स, नमकीन, बिस्किट, पिज्जा और मिठाइयां खाते रहते हैं।
इसे मिडनाइट स्नैकिंग कहा जाता है। शुरुआत में यह आदत सामान्य लग सकती है, लेकिन नियमित रूप से ऐसा करना सेहत पर भारी पड़ सकता है।
दरअसल, रात में देर से खाना खाने पर शरीर को पाचन और रक्त में शर्करा का स्तर नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है। विशेषकर अधिक वसा, नमक और चीनी वाले खाद्य पदार्थ इस परेशानी को बढ़ा सकते हैं। लगातार देर रात खाने से शरीर की जैविक घड़ी प्रभावित हो सकती है।
इसके कारण वजन बढ़ने, रक्त शर्करा असंतुलित होने, पाचन संबंधी परेशानी और नींद की गुणवत्ता खराब होने का खतरा रहता है। नाइट शिफ्ट में काम करने वाले, देर रात तक मोबाइल या लैपटॉप पर व्यस्त रहने वाले और तनाव से जूझ रहे लोगों में यह आदत अधिक देखी जाती है। कई बार रात का भोजन छोड़ना भी इसकी वजह बनता है।
सिद्धी तिवारी कहती हैं कि इस आदत से बचने के लिए सोने से दो से तीन घंटे पहले रात का भोजन कर लेना चाहिए। भोजन में दाल, मौसमी सब्जियां, सलाद, पनीर और साबुत अनाज शामिल करें। दिनभर पर्याप्त और संतुलित भोजन लें, ताकि रात में तेज भूख न लगे। यदि आधी रात को वास्तव में भूख महसूस हो तो थोड़ी मात्रा में भुने चने, मुट्ठीभर मेवे या हल्का प्रोटीनयुक्त आहार ले सकते हैं। रोज रात में भूख लगना, बिना खाए नींद नहीं आना या नींद खुलने पर खाना खाने की आदत को नजरअंदाज न करें। जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से सलाह लें।