
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। सर्दियों की शुरुआत के साथ सुबह की दिनचर्या में भी बदलाव जरूरी हो गया है। तापमान में गिरावट, ठंडी हवाओं और कोहरे के बीच सुबह जल्दी मार्निंग वाक पर निकलना सेहत के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। कम तापमान में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है।
वहीं कोहरे में मौजूद धूल और धुएं के कण फेफड़ों तक पहुंचकर सांस संबंधी समस्याएं बढ़ा सकते हैं। खासकर बुजुर्गों, हार्ट और अस्थमा के मरीजों को सुबह की सैर के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नियमित वाॅक सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन सर्दियों में इसके समय और तरीके का ध्यान रखना जरूरी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, घने कोहरे और अत्यधिक ठंड के दौरान बाहर टहलने के बजाय धूप निकलने और वातावरण थोड़ा गर्म होने का इंतजार करना बेहतर है। पहले से बीमारियों से जूझ रहे लोगों को अपनी शारीरिक स्थिति के अनुसार ही व्यायाम करना चाहिए।
जनरल फिजिशियन डा. गर्वित अरोड़ा के अनुसार, नियमित वाॅक सेहत के लिए अच्छी है, लेकिन सर्दियों में इसके समय और तरीके का ध्यान रखना चाहिए। खासकर बुजुर्गों को हल्की धूप निकलने के बाद ही वाक पर जाना चाहिए। उम्र बढ़ने के साथ लेटने से अचानक खड़े होने पर ब्लड प्रेशर में उतार-चढ़ाव हो सकता है, जिससे चक्कर आने की आशंका रहती है। इसलिए पहले कुछ देर बैठें, फिर धीरे-धीरे खड़े हों। वाक से पहले हल्का वार्मअप करें और बाहर निकलते समय शरीर को गर्म कपड़ों से अच्छी तरह ढंककर रखें।
''''ठंड में रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ता है और हार्ट को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। हार्ट के मरीजों को अत्यधिक ठंड में सुबह जल्दी वाॅक करने से बचना चाहिए।''''
''''कोहरे में मौजूद धूल और धुएं के कण फेफड़ों तक पहुंचकर खांसी, बलगम और सांस लेने में परेशानी बढ़ा सकते हैं।''''
- डाॅ. दिलीप चावड़ा, चेस्ट एंड एलर्जी स्पेशलिस्ट
''''हल्की धूप निकलने के बाद वाक पर जाना बेहतर है। बुजुर्गों को शरीर को अच्छी तरह गर्म कपड़ों से ढंककर रखना चाहिए।''''
-डाॅ. गर्वित अरोड़ा, जनरल फिजिशियन
- घने कोहरे और अधिक प्रदूषण में बाहर वाॅक न करें।
- वाक से पहले पांच मिनट हल्का वार्मअप करें।
- नाक और मुंह को मास्क या रुमाल से ढंकें।
- सिर, कान, हाथ और पैरों को गर्म कपड़ों से ढंकें।
- अस्थमा के मरीज इन्हेलर साथ रखें।
- करीब 30 मिनट तक वाक पर्याप्त हो सकती है।
- बहुत ज्यादा ठंड होने पर घर के अंदर वाक करें।
- सीने में दर्द, सांस फूलने, असामान्य पसीना या चक्कर आने पर तुरंत वाक रोककर मेडिकल मदद लें।