
लाइफस्टाइल डेस्क, नईदुनिया। राजधानी के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव आम प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महोत्सव के शुभारंभ के बाद से बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। दूसरे दिन भी महोत्सव में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहां आगंतुकों ने देशभर से लाई गई आम की दुर्लभ, लोकप्रिय और उन्नत किस्मों का अवलोकन किया तथा खरीदारी का आनंद लिया।

महोत्सव में 250 से ज्यादा किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी में विभिन्न राज्यों और देशों की विशेष किस्मों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह नजर आया। आमों की विविधता और उनकी विशेषताओं ने दर्शकों को आकर्षित किया।
प्रदर्शनी में मौजूद हाथीझूल आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इस आम का आकार करीब सात इंच तक और वजन छह किलो तक बताया गया है। इसकी 20 से अधिक किस्में प्रदर्शनी में रखी गई हैं। इसके अलावा जापान की प्रीमियम आम किस्म भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो लाख रुपये प्रति किलो तक की कीमत के लिए जानी जाती है।
.jpeg)
प्रदर्शनी में सबसे छोटे आकार का आम भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। यह आम आकार में छोटे लड्डू जैसा दिखाई देता है और अपने मीठे स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। वहीं रेड बनाना लान्ग नामक आम, जो केले की आकृति का होता है, भी दर्शकों को खूब पसंद आ रहा है। इस आम को केले की तरह छीलकर खाया जाता है। तेलंगाना का टेन्नेरु तथा सदाबहार अल्फांसो, केसर, दशहरी, फज़ली और अरूणिमा जैसी लोकप्रिय किस्में भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित तकनीकी सत्र में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। वैज्ञानिकों और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक आम उत्पादन और बागवानी तकनीकों की जानकारी दी। इस दौरान पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियां, उन्नत किस्मों का चयन, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा पोषण प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही उत्पादन लागत कम करने, गुणवत्ता बढ़ाने और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त करने के उपाय भी बताए गए।
रविवार को महोत्सव के अंतिम दिन दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें सफल आम उत्पादक किसान और उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का सम्मान और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।