
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। बच्चे के जन्म के बाद शुरुआती कुछ दिन उसकी सेहत और भविष्य के विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान नवजात पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे, तब भी उसमें कुछ जन्मजात बीमारियां या शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं, जिनके लक्षण शुरुआत में नजर नहीं आते।
ऐसी बीमारियों की समय पर पहचान के लिए जन्म के बाद कुछ जरूरी जांच कराना आवश्यक है। इनमें सुनने की क्षमता, आंखों, हृदय, थायराइड और अन्य मेटाबॉलिक बीमारियों की स्क्रीनिंग प्रमुख है। इन जांचों के माध्यम से ऐसी समस्याओं का भी पता लगाया जा सकता है, जिनका समय पर उपचार नहीं मिलने पर बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास पर स्थायी असर पड़ सकता है।
हर साल 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु देखभाल सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
जन्म के बाद नवजात की सुनने की क्षमता की जांच (न्यूबॉर्न हियरिंग स्क्रीनिंग) की जानी चाहिए। कई बार बच्चे में सुनने की जन्मजात समस्या होती है, लेकिन शुरुआती दिनों में इसका पता नहीं चलता। समय पर पहचान नहीं होने पर बच्चे के बोलने और भाषा सीखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। शुरुआती छह माह में समस्या की पहचान होने पर उपचार और हियरिंग सपोर्ट से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
नवजात की आंखों की जांच से जन्मजात मोतियाबिंद, रेटिना से जुड़ी समस्याओं और दृष्टि संबंधी अन्य विकारों का पता लगाया जा सकता है। वहीं जन्मजात हृदय रोगों की स्क्रीनिंग के लिए पल्स ऑक्सीमीटर से बच्चे के रक्त में आक्सीजन का स्तर जांचा जाता है। इससे हृदय की गंभीर जन्मजात समस्याओं की पहचान में मदद मिलती है। देरी होने पर बच्चे को सांस लेने में परेशानी, दूध पीने में कठिनाई और गंभीर स्थिति में जान का खतरा भी हो सकता है।
नवजात की स्क्रीनिंग में जन्मजात हाइपोथायरायडिज्म की जांच भी महत्वपूर्ण है। इसमें थायराइड हार्मोन की कमी के कारण बच्चे का शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा कुछ मेटाबॉलिक बीमारियों की जांच की जाती है, जिनमें शरीर भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों का सामान्य तरीके से उपयोग नहीं कर पाता। समय पर पहचान होने पर दवाओं और विशेष आहार से इनके दुष्प्रभावों को काफी हद तक रोका जा सकता है।
प्री मैच्योर बच्चे या फिर जिनका जन्म के समय वजन ढाई किलो से कम है, उनकी सही तरीके से जांच जरूरी होती है। सुनने की क्षमता, आंखों से जुड़ी समस्याएं और दिल से जुड़ी बीमारियों का अंदाजा तो शुरुआत में ही हो जाता है। मां को अगर थायराइड है तो बच्चे के जन्म के तीन से छह महीने के बीच टेस्ट कर सही स्थिति जानी जाती है। - डाॅ. ए.के शाक्य, शिशु रोग विशेषज्ञ एवं उप अधीक्षक, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय