
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बदलती लाइफस्टाइल, भोजन में फाइबर की कमी और शारीरिक गतिविधियों में गिरावट का असर स्वास्थ्य पर दिख रहा है। पाइल्स (बवासीर) के मरीज तेजी से बढ़े हैं। जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) की सर्जरी ओपीडी में चार साल पहले रोज औसतन 10 से 15 मरीज इस समस्या के साथ आते थे।
अब यह संख्या 35 से 40 हो गई है। इस तरह मरीजों की संख्या करीब तीन गुना पहुंच गई है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में भी पाइल्स के मरीज हर साल 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ रहे हैं।
लंबे समय तक एक जगह बैठकर काम करना, मोबाइल और लैपटाप पर घंटों बिताना, अनियमित खानपान और कब्ज इसके प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।
पहले यह समस्या अधिक उम्र के लोगों में देखी जाती थी, लेकिन अब युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ऑफिस में लगातार बैठे रहने और कम शारीरिक गतिविधि से मल त्याग संबंधी परेशानी बढ़ सकती है, जिससे पाइल्स का जोखिम बढ़ता है।
2022: 10–15
2023: 15–20
2024: 22–25
2025: 25–30
2026: 35–40
पाइल्स के मरीजों की बड़ी समस्या यह है कि वे समय रहते डाॅक्टर को नहीं बताते। पहली और दूसरी स्टेज में दवाओं से इलाज संभव है, जबकि तीसरी और चौथी स्टेज में सर्जरी करनी पड़ सकती है। लंबे समय तक एक जगह बैठकर काम करने से बचें और लक्षण होने पर बिना शर्म डाॅक्टर को बताएं।
डाॅ. अनुराग चौहान, प्रोफेसर, सर्जरी विभाग, जेएएच