
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर और आसपास धूल-धुएं के कारण बढ़ता वायु प्रदूषण स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। दीपावली पर आतिशबाजी से निकला धुआं, सड़कों की धूल और वाहनों का उत्सर्जन हवा की गुणवत्ता को और खराब कर देते हैं।
इसका असर केवल अस्थमा और सांस के मरीजों पर ही नहीं, बल्कि स्वस्थ लोगों पर भी पड़ता है। हवा में मौजूद कई हानिकारक कण आंखों से दिखाई नहीं देते, लेकिन सांस के रास्ते शरीर में पहुंचकर फेफड़ों से लेकर हृदय तक को प्रभावित कर सकते हैं।
इन्हीं पहलुओं पर नवदुनिया के सोमवारी विमर्श कार्यक्रम में गांधी मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं वरिष्ठ फिजिशियन रतन कुमार वैश्य ने जानकारी दी। वे भोपाल के रीजनल इंस्टीट्यूट आफ रेस्पिरेटरी डिजीज के अधीक्षक भी रह चुके हैं।
उन्होंने बताया कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) हवा में प्रदूषण की स्थिति समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके आधार पर हवा की गुणवत्ता और उससे होने वाले संभावित स्वास्थ्य प्रभावों का आकलन किया जाता है।
उन्होंने बताया कि एक्यूआई को हवा की गुणवत्ता का रिपोर्ट कार्ड कह सकते हैं। इसमें आठ प्रमुख प्रदूषकों पीएम 2.5, पीएम 10, नाइट्रोजन डाइआक्साइड, सल्फर डाइआक्साइड, कार्बन मोनोआक्साइड, ओजोन, अमोनिया और लेड के स्तर को मापा जाता है। इनके अलग-अलग उप-सूचकांक तैयार होते हैं।
सबसे खराब स्तर वाला प्रदूषक सामान्यतः कुल एक्यूआई निर्धारित करता है। भारत में एक्यूआई की छह श्रेणियां हैं। शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी मानी जाती है।
एक्यूआई बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ता है। इसलिए नागरिकों को सरकारी ऐप और वेबसाइट के माध्यम से नियमित रूप से इसकी जानकारी लेते रहना चाहिए।
शहर में बढ़ते प्रदूषण के पीछे सड़कों पर जमा धूल, निर्माण स्थलों से उड़ने वाले कण, खुले में कचरा जलाना, वाहनों का धुआं, डीजल जनरेटर और औद्योगिक उत्सर्जन प्रमुख कारण हैं। भोपाल में सड़क, मेट्रो और भवन निर्माण के कामों के कारण कई जगह खुली मिट्टी और बिना ढके मलबे से धूल उड़ती है। सर्दियों में तापमान और हवा की गति में बदलाव से प्रदूषक जमीन के पास जमा रह सकते हैं। इसे तापमान प्रतिलोमन यानी इन्वर्जन कहते हैं। घरों के भीतर अगरबत्ती, धूप, मच्छर भगाने वाली कॉइल, सिगरेट और रसोई का धुआं भी प्रदूषण बढ़ाता है।
अस्थमा, सीओपीडी और अन्य सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को एक्यूआइ देखकर ही बाहर निकलना चाहिए। प्रदूषण अधिक होने पर सुबह-शाम की सैर और खुले में व्यायाम से बचें। डाक्टर की बताई दवाएं और इनहेलर नियमित लें तथा इनहेलर साथ रखें। घर में धूम्रपान, अगरबत्ती, धूप और मच्छर भगाने वाली काइल जलाने से बचें। सूखे झाड़ू के बजाय गीले कपड़े या पोछे से सफाई करें। बाहर एक्यूआई अधिक होने पर खिड़कियां बंद रखें। सांस फूलने, सीने में दर्द या दवाओं के बावजूद परेशानी बढ़ने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। एसी को साफ करते रहें। सांस के मरीज का बिस्तर हर दिन बदलें।
वैश्य ने प्रदूषण के दिनों में अनावश्यक रूप से बाहर रहने से बचने की सलाह दी। बच्चों को प्रदूषण अधिक होने पर खुले मैदान में खेलने न भेजें। बाहर जाना जरूरी हो तो सर्जिकल मास्क का उपयोग करें। हालांकि, सूक्ष्म प्रदूषित कणों से बेहतर बचाव के लिए सही फिटिंग वाला एन-95 या समकक्ष रेस्पिरेटर अधिक प्रभावी होता है। घर में एयर प्यूरीफायर उपलब्ध हो तो कमरे के आकार के अनुसार सही फिल्टर वाला उपकरण इस्तेमाल किया जा सकता है। पर्याप्त पानी पिएं, संतुलित भोजन लें और धूम्रपान से पूरी तरह बचें।
प्रदूषण से निपटने की जिम्मेदारी केवल नागरिकों की नहीं है। नगर निगम और संबंधित विभागों को सड़कों की नियमित सफाई, धूल नियंत्रण और निर्माण स्थलों की निगरानी करनी चाहिए। निर्माण सामग्री और मलबे को ढककर ले जाने तथा निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित हो। खुले में कचरा जलाने पर रोक और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाए। वाहनों और औद्योगिक इकाइयों के उत्सर्जन की नियमित जांच हो। प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव और यांत्रिक सफाई कराई जाए। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में एक्यूआई की निगरानी और नागरिकों के लिए समय पर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी की जाए।