
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शादी में अब सिर्फ दुल्हन के गहने ही आकर्षण का केंद्र नहीं रहेंगे, दूल्हे भी अपने शाही अंदाज से महफिल लूटने की तैयारी कर रहे हैं। शेरवानी और साफे के साथ अब पुरुषों के वेडिंग कलेक्शन में भारी कंठे, मोतियों की मालाएं, डिजाइनर ब्रोच, सिरपेच और कलंगी की वापसी हो रही है।
खास बात यह है कि दूल्हे अब ज्वेलरी को केवल परंपरा निभाने के लिए नहीं, अपने पूरे वेडिंग लुक की खास पहचान बनाने के लिए चुन रहे हैं।
इंदौर के बाजार और ज्वेलरी शोरूम में इस सीजन हेरिटेज और राजसी डिजाइन वाले मेंस ज्वेलरी कलेक्शन खास तौर पर देखने को मिल रहे हैं।
.jpg)
पुराने राजघरानों के आभूषणों से प्रेरित इन डिजाइनों में आधुनिक फिनिश और नए प्रयोग भी शामिल किए जा रहे हैं।
.jpg)
पुराने दौर में राजा-महाराजाओं के वेडिंग लुक में कुंदन के भारी कंठे, मोतियों के हार, कलंगी और ब्रोच खास जगह रखते थे। समय के साथ पुरुषों की शादी की ज्वेलरी सीमित होती गई और दूल्हे शेरवानी, साफे और एक-दो पारंपरिक आभूषणों तक ही रह गए।
.jpg)
अब एक बार फिर हेरिटेज कलेक्शन के जरिए उसी राजसी अंदाज को नए रूप में पेश किया जा रहा है। इसमें पारंपरिक कारीगरी के साथ डिजाइन और फिनिशिंग में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।
.jpg)
ज्वेलरी कारोबारी सौरभ जैन बताते हैं कि इस सीजन ग्रूम कलेक्शन में सबसे ज्यादा हेरिटेज कंठे पसंद किए जा रहे हैं। इन कंठों के साथ मैचिंग ब्रोच भी खास आकर्षण हैं। ब्रोच में भगवान के विभिन्न स्वरूपों और जानवरों की आकृतियों को शामिल किया जा रहा है।
.jpg)
इससे दूल्हों को अपने पहनावे के अनुसार अलग-अलग थीम चुनने का विकल्प मिल रहा है। पहले जहां ब्रोच का इस्तेमाल मुख्य रूप से कोट या शेरवानी को सजाने के लिए होता था, वहीं अब इन्हें पूरे वेडिंग लुक की थीम से जोड़कर तैयार किया जा रहा है।
.jpg)
इस बार डबल लेयर पोलकी कंठे चलन में हैं। इनकी खासियत विक्टोरियन फिनिश है, जो पारंपरिक आभूषणों को अलग अंदाज देती है। दो परतों में तैयार किए जाने वाले इन कंठों को हैवी लुक दिया जा रहा है।
.jpg)
इनके साथ मैचिंग कलंगी भी पसंद की जा रही हैं। पुराने समय में राजा-महाराजा जिस तरह की कलंगी पहनते थे, उसी अवधारणा को हेरिटेज कलेक्शन के जरिए फिर से पेश किया जा रहा है। इस तरह कंठे से लेकर सिर की सजावट तक पूरे लुक में एकरूपता रखी जा रही है।
.jpg)
.jpg)
ज्वेलरी कारोबारी शैलेंद्र सिंह राजावत बताते हैं कि मेंस वेडिंग ज्वेलरी में सिर्फ गले के आभूषण ही नहीं, सिर और साफे की सजावट पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
इस साल ग्रूम फैशन में रायल एक्सेसरीज का खास ट्रेंड है। इसमें सिरपेच और माला प्रमुख हैं।
.jpg)
सिरपेच पगड़ी का खास आकर्षण होता है। इसमें नगीनों और कलगी का संगम दूल्हे के व्यक्तित्व को राजसी अंदाज देता है।
वहीं पारंपरिक माला में बारीक कारीगरी और खूबसूरत स्टोन वर्क के जरिए पूरे पहनावे को भव्य बनाया जा रहा है।
.jpg)
उनके अनुसार, दूल्हे के रायल लुक में छोटी-छोटी एक्सेसरीज की भी अहम भूमिका होती है। केवल शेरवानी या पगड़ी पहन लेने से राजसी अंदाज पूरा नहीं होता, सिरपेच, माला और अन्य आभूषण मिलकर इसे खास बनाते हैं।
इसी वजह से इस बार दूल्हे अपने वेडिंग आउटफिट के साथ एक्सेसरीज का चयन भी सोच-समझकर कर रहे हैं।
.jpg)