
लाइफस्टाइल डेस्क। माइग्रेन एक गंभीर प्रकार का सिरदर्द है, जो व्यक्ति के दैनिक जीवन को प्रभावित कर सकता है। इसमें सिर के एक हिस्से में तेज दर्द, उल्टी, मतली, चक्कर, आंखों में जलन एवं तेज रोशनी या आवाज से परेशानी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कई लोगों में यह दर्द घंटों या कई दिनों तक बना रहता है।
अनियमित दिनचर्या, तनाव, पर्याप्त नींद की कमी, अत्यधिक स्क्रीन टाइम, हार्मोनल बदलाव, गलत खानपान एवं मानसिक दबाव माइग्रेन के प्रमुख कारण माने जाते हैं। कई बार मौसम में बदलाव या तेज गंध भी माइग्रेन को बढ़ा सकती है। डाॅ. आशीष जैन, होम्योपैथिक का कहना है कि होम्योपैथी में माइग्रेन का उपचार व्यक्ति के संपूर्ण शारीरिक और मानसिक लक्षणों के आधार पर किया जाता है।
इसका उद्देश्य केवल दर्द को दबाना नहीं, बल्कि बीमारी के मूल कारण को समझकर शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता को मजबूत करना होता है। सही और नियमित होम्योपैथिक उपचार से माइग्रेन के दौरे की तीव्रता और बार-बार होने की समस्या में काफी सुधार देखा जा सकता है।
साथ ही जीवनशैली में सुधार भी अत्यंत आवश्यक है। समय पर भोजन करना, पर्याप्त नींद लेना, तनाव कम करना, नियमित व्यायाम और ज्यादा पानी पीना माइग्रेन नियंत्रण में सहायक हो सकता है। अत्यधिक चाय, काफी, जंक फूड और देर रात तक जागने की आदत से बचना चाहिए।
यदि सिरदर्द लगातार बना रहे या बार-बार हो, तो इसे सामान्य दर्द समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर विशेषज्ञ से परामर्श और उचित उपचार द्वारा माइग्रेन की समस्या को प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है तथा बेहतर और स्वस्थ जीवन जिया जा सकता है।