
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मौसम बदलते ही नाक बंद, छींक, गले में खराश और कान में भारीपन की शिकायतें बढ़ जाती हैं। इस मौसम में वातावरण ही नाक के लिए सबसे ज्यादा नुकसानदायक होता है। धूल, धुआं, प्रदूषण और ठंडी-शुष्क हवा नाक की झिल्ली में सूजन पैदा करती है, जिससे नाक बंद होती है और एलर्जी शुरू हो जाती है। नाक की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या इस मौसम में बढ़ जाती है।
यह समस्या अक्टूबर से जनवरी के बीच सबसे ज्यादा बढ़ती है। दूसरी बड़ी चेतावनी हैंड्सफ्री-ईयरफोन को लेकर है। युवा असुरक्षित सुनने के कारण बहरेपन के खतरे में हैं। 85 डेसिबल से ज्यादा आवाज 8 घंटे और 100 डेसिबल की आवाज सिर्फ 15 मिनट में भी कान को नुकसान पहुंचा सकती है।
इसलिए जितना हो सके हैंड्सफ्री का उपयोग सीमित करें। 60/60 नियम अपनाएं - वाल्यूम 60 फीसदी से कम, लगातार 60 मिनट से ज्यादा नहीं। यही नहीं गले में खराश को सिर्फ दवाई लेकर टालें नहीं। तीन दिन से ज्यादा खराश, बुखार, निगलने में दर्द, आवाज बैठना या टान्सिल में सूजन हो तो ईएनटी जांच कराएं।
कई बार यह वायरल नहीं, बैक्टीरियल संक्रमण या एलर्जी होती है, जिसमें गलत दवा नुकसान कर सकती है। यह बात नईदुनिया के हेलो डाक्टर कार्यक्रम में बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कालेज ईएनटी विभागाध्यक्ष डा. कविता सचदेवा ने पाठकों से जानकारी साझा करते हुए कही।
-सुबह-शाम ठंडी हवा में मास्क पहनें, धूल से बचें।
-छोटे-बड़े सभी स्वस्थ्य व्यक्ति नियमित व्यायाम करें, इससे बंद नाक खुलती है।
-गुनगुने पानी से गरारे करें, ठंडा-गर्म एक साथ न खाएं।
-हैंड्सफ्री का वाल्यूम कम रखें, रात में लगाकर न सोएं।
-पर्याप्त पानी पिएं, धूम्रपान और अगरबत्ती के धुएं से दूर रहें।
सवाल : मेरी उम्र 65 साल है। बार बार चक्कर आते हैं और कानों में तकलीफ बनी रहती है। क्या कारण संभव है। 50 शब्द
विमल गुप्ता, शहपुरा-भिटौनी
जवाब : इस उम्र में उम्र में बार-बार चक्कर और कान की तकलीफ के कई कारण हो सकते हैं। कान के अंदरूनी हिस्से की समस्या, बीपी कम-ज्यादा होना या अन्य कारण संभव है। चक्कर में गिरने का खतरा रहता है, इसलिए तुरंत ईएनटी से जांच कराएं।
सवाल : नहाने के बाद कानों में खुजली बहुत होती है। क्या कानों की सफाई कराना चाहिए।
कौशल सेन, नरसिंहपुर
जवाब : नहाने के बाद कान में पानी जाने से फंगल इंफेक्शन और खुजली हो सकती है। कान में बड्स, पिन, तौलिया का कोना न डालें, इससे मैल अंदर धंसता है और झिल्ली फट सकती है। नहाने के बाद कान को बाहर से हल्के से सुखाएं। खुजली बार-बार हो तो विशेषज्ञ से परामर्श लें, खुद सफाई न करें।
सवाल : मैं 44 साल का हूं, मुझे इस मौसम में गले में दर्द बना रहता है और खराश की समस्या होती है। कोई उपाय बताएं ताकि समस्या से निजात मिले।
भास्कर सिंह, कटनी
जवाब : इस मौसम में धूल, ठंडी हवा और अन्य कारण से गले में दर्द-खराश बढ़ती है। दिन में 2-3 बार गुनगुने पानी से गरारे करें, गुनगुना पानी पिएं, ठंडा-तला-खट्टा कम करें, धूल-धुएं में मास्क लगाएं। तीन दिन से ज्यादा दर्द, बुखार या निगलने में तकलीफ हो तो जांच कराएं। बहुत संभव है कि मौसम बदलने से यह समस्या हो सकती है।
सवाल : सुनने की क्षमता उम्र बढ़ने के साथ अच्छी बनी रहे इसके लिए कोई सुझाव व टिप्स दीजिए ताकि सेहत प्रभावित न हो।
उमेश प्रजापति, जबलपुर
जवाब : दैनिक जीवन में सुनने की क्षमता के रूप में कानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। सुनने की क्षमता बनाए रखने के लिए हैंड्सफ्री का कम उपयोग करें, वाल्यूम कम रखें। तेज आवाज, पटाखे और मशीनों के शोर से बचें। कान में बड्स न डालें, कान को सूखा रखें। हर साल सुनने की जांच कराएं। वेजिटेबल व मौसमी फल और घर का बना पौष्टिक आहार लें। बाहर की ठंडी चीजों से बचें।