
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। अनियमित दिनचर्या, असंतुलित खानपान और लगातार मानसिक तनाव हृदय रोगों के प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं। शुरुआत में ही शरीर के संकेतों पर ध्यान देकर हृदय रोग से बचाव किया जा सकता है, लेकिन अधिकांश लोग लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। शहर के जैसवानी हास्पिटल के ह्दय रोग विशेषज्ञ डाॅ. धीरज जैसवानी ने मंगलवार को नईदुनिया के हेलो डाॅक्टर कार्यक्रम में यह बात कही।
डाॅ. जैसवानी दोपहर दो से तीन बजे तक नईदुनिया कार्यालय में मौजूद रहे और पाठकों के सवालों का जवाब दिया। एक घंटे के कार्यक्रम में लोगों ने तेज या अनियमित धड़कन, सांस फूलने, सीने में दर्द, ब्लडप्रेशर और रात में घबराहट जैसी समस्याओं को लेकर परामर्श लिया।
डाॅ. जैसवानी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कम उम्र के लोग भी हृदय रोगों की चपेट में आ रहे हैं। धड़कन तेज होना, सीने में जलन या दर्द, चलने अथवा दौड़ने पर सांस फूलना जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेना चाहिए। जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।
डाॅ. जैसवानी ने बताया कि नियमित दिनचर्या, संतुलित भोजन, तनाव कम करने, सप्ताह में नियमित व्यायाम और समय-समय पर हृदय की जांच कराने से जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
सवाल : बीपी की दवा चल रही है, फिर भी ब्लडप्रेशर 170 तक पहुंच रहा है? अजय शंकर शर्मा, मुरैना
जवाब : दवा लेने के बावजूद बीपी 170 तक पहुंचना गंभीर स्थिति हो सकती है। स्वयं दवा की मात्रा में बदलाव न करें और जल्द चिकित्सक से संपर्क कर जांच कराएं। दवा नियमित लेने के साथ नमक कम करना और बीपी की लगातार निगरानी जरूरी है।
सवाल : ब्लडप्रेशर अक्सर ज्यादा रहता है? मोहन बाबू गोयल, ढोढर, श्योपुर
जवाब : लगातार बढ़ा हुआ ब्लडप्रेशर हृदय, किडनी और मस्तिष्क को नुकसान पहुंचा सकता है। नियमित बीपी जांच कराएं और चिकित्सक की सलाह के अनुसार उपचार लें।
सवाल : मेरे ताऊ को चेस्ट में पेन होता है? चिराग गुप्ता, डबरा
जवाब : सीने के दर्द को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। दर्द के कारण की जांच जरूरी है। विशेषकर दर्द के साथ पसीना, सांस फूलना या बेचैनी हो तो तत्काल अस्पताल जाएं।
सवाल : चलते समय सीने में दर्द होता है? चिराग गुप्ता, भिंड
जवाब : चलने या मेहनत करने पर सीने में दर्द होना हृदय से संबंधित समस्या का संकेत हो सकता है। कार्डियोलाजिस्ट से परामर्श लेकर ईसीजी और आवश्यक जांच कराएं।
सवाल : बीपी कभी कम तो कभी ज्यादा होता है? अंकित राजौरिया, मुरैना
जवाब : बीपी में लगातार उतार-चढ़ाव के कारणों की जांच जरूरी है। नियमित समय पर बीपी मापें और अपनी जांच रिपोर्ट के साथ चिकित्सक से सलाह लें।
सवाल : रनिंग के दौरान सांस फूलने लगती है? सचिन यादव, ग्वालियर
जवाब : अत्यधिक दौड़ने पर सांस फूलना सामान्य हो सकता है, लेकिन कम मेहनत में ही बार-बार सांस फूलती है तो हृदय और फेफड़ों की जांच कराना जरूरी है।
सवाल : ब्लडप्रेशर की दिक्कत है? पीएस राजपूत, लक्ष्मीगंज, ग्वालियर
जवाब : ब्लडप्रेशर को नियंत्रित रखने के लिए नियमित दवा, कम नमक वाला भोजन, वजन नियंत्रण और तनाव से बचाव जरूरी है। बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा बंद नहीं करनी चाहिए।
सवाल : रात में घबराहट होती है? बाबूलाल जाटव, मुरार, ग्वालियर
जवाब : रात में बार-बार घबराहट होने के कई कारण हो सकते हैं। यदि इसके साथ तेज धड़कन, सीने में दर्द, पसीना या सांस फूलने की समस्या हो तो तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं।