
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। गणेश उत्सव के जश्न और उल्लास में पूरा शहर मग्न है। गली-मोहल्लों में बप्पा को बिठाने के लिए सुंदर-सुंदर पंडाल सज गए हैं और भक्तों में अलग ही उत्साह दिखाई दे रहा है। इसी उत्साह के बीच बप्पा को तरह-तरह के मोदक का भोग लगाकर प्रसन्न करने के लिए बाजार में कई तरह के मोदक और लड्डू मिठाई दुकानों पर आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पारंपरिक मोदक के साथ ड्राई फ्रूट्स, स्ट्राबेरी, अंजीर, गुलकंद और केसर के स्वाद वाले मोदक भी भक्तों के बीच खास जगह बनाए हुए हैं। खास तौर पर भोग के लिए तैयार किए गए बड़े आकार के मोदक और अलग-अलग लड्डुओं के बाक्स गणेश भक्तों को आकर्षित कर रहे हैं।
इस बार गणेश उत्सव पर खास आकर्षण 480 ग्राम का एक ड्राई फ्रूट मोदक है, जिसकी कीमत 1100 रुपये है। मिठाई दुकानदार राजकुमार यादव के अनुसार इसमें ड्राई फ्रूट्स के साथ काजू कतली और स्ट्राबेरी जैसे स्वाद का मिश्रण है। यह मोदक गणेशउत्सव को ध्यान में रखते हुए खास तौर पर तैयार किया गया है। इसके दो फ्लेवर बनाए गए हैं, एक केसर और एक स्ट्राबेरी है। दोनों ही स्वाद के साथ दिखने में भी आकर्षण है। बड़े आकार और ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने के कारण यह मोदक गणपति भोग के लिए भक्तों की खास पसंद बना हुआ है।
गणपति बप्पा को भोग में इस बार सिर्फ पारंपरिक मोदक ही नहीं, बल्कि ड्राई फ्रूट्स और खसखस से भरे मैदा मोदक भी चढ़ाए जा रहे हैं। दुकानदार निशा तोंड़े बताती हैं कि इसके अलावा भी कई तरह की मोदक की वैरायटी तैयार की गई है जिसे भक्त पसंद कर रहे हैं वो है मावे का मोदक, मोतीचूर, जोधपुरी और मारवाड़ी लड्डू। इसके साथ ही इस बार गणपतिजी के स्पेशल भोग के लिए तैयार किए गए मोरधन मोदक में ड्राई फ्रूट्स का उपयोग किया जाता है, जो उपवास में भी चल सकता है। ड्राई फ्रूट्स मोदक में कीवी, स्ट्राबेरी और केसर के स्वाद हैं। इसके अलावा शुगर फ्री ड्राई फ्रूट्स मोदक और चाकलेट फ्लेवर भी उपलब्ध हैं। इनकी कीमत 640 से 1200 रुपये तक है।
मिठाई दुकानदार राजेंद्र धनोतिया के अनुसार गणेश उत्सव पर इस बार मोदक की कई नई वैरायटी तैयार की गई हैं। इनमें पिस्ता मोदक, ब्लैक करंट ड्राई फ्रूट मोदक, काजू मोदक और पाइनेपल मोदक शामिल हैं। वे बताते हैं कि इन वैरायटी के जरिए ग्राहकों को पारंपरिक मोदक के साथ अलग-अलग स्वाद के विकल्प भी मिल रहे हैं। इसके अलावा स्ट्राबेरी और अंजीर मोदक भी तैयार किए गए हैं।
दुकानदार के अनुसार स्ट्राबेरी मोदक में ड्राई फ्रूट्स का उपयोग किया जाता है। अंजीर मोदक भी ड्राई फ्रूट्स पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए विकल्प है। गुलकंद मोदक, पान का भोग लगाने वाले भक्तों के लिए पान के स्वाद वाला मोदक भी तैयार किया गया है। दुकानदार के बताते हैं कि अंजीर मोदक को ग्राहक 10 से 15 दिन तक रख सकते हैं। इसलिए इनकी भी डिमांड ज्यादा रहती है।
बप्पा को पंचमेवे का भोग लगाने वाले भक्तों के लिए बाजार में पंचमेवा का मोदक लड्डू भी हैं। इसमें चारोली, रवा-बूंदी की बूंदी और काजू सहित ड्राई फ्रूट्स का उपयोग होता है। इसकी कीमत 880 रुपये किलो है। इसके अलावा गणेश उत्सव के लिए पांच तरह के लड्डुओं के बाक्स भी बनाए गए हैं। इनमें काजू लड्डू, मोदक लड्डू, बेसन लड्डू और गोंद लड्डू शामिल हैं। छोटे बाक्स में पांच तरह के लड्डू रखे गए हैं, जिसकी कीमत 300 रुपए है।