
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर । दांतों का स्वास्थ्य हमारे समग्र स्वास्थ्य का आईना होता है, लेकिन अक्सर हम शुरुआती संकेतों को अनदेखा कर देते हैं, जो बाद में रूट कैनाल ट्रीटमेंट जैसी जटिल प्रक्रिया की नौबत लाते हैं। दंत विशेषज्ञों के अनुसार दांतों में सड़न या संक्रमण अचानक नहीं होता, यह एक धीमी प्रक्रिया है। यदि आप अपने दांतों की देखभाल के प्रति जागरूक हैं, तो भविष्य में होने वाली दर्दनाक प्रक्रियाओं और महंगे उपचारों से बचा जा सकता है।
यह कहना है दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि सोलंकी का। उन्होंने बताया कि रूट कैनाल का मुख्य उद्देश्य संक्रमित पल्प को साफ कर दांत को बचाना होता है, सही समय पर सावधानी बरतकर आप अपने प्राकृतिक दांत की आयु बढ़ा सकते हैं। किन लक्षणों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, समझना बेहद जरूरी है।
यदि आपको चबाते समय या दबाव पड़ने पर दांत में तेज दर्द महसूस हो रहा है, तो यह संक्रमण का स्पष्ट संकेत है। लंबे समय तक ठंडी या गर्म चीजों के प्रति अत्यधिक झनझनाहट, मसूड़ों पर बार-बार फोड़ा या सूजन आना और दांत का रंग गहरा या काला पड़ना गंभीर समस्याओं की ओर इशारा करते हैं।
यदि आपके मसूड़ों से अक्सर खून आता है या सांसों में बदबू की समस्या बनी रहती है, तो इसे सामान्य मानकर टालना भारी पड़ सकता है। ये लक्षण इस बात का प्रमाण हैं कि संक्रमण दांत की गहराई तक पहुंच चुका है। रूट कैनाल जैसी नौबत से बचने के लिए बचाव ही सबसे बेहतर उपचार है।
दिन में दो बार फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट से ब्रश करना और रात को सोने से पहले कुल्ला करना अनिवार्य है। प्रतिदिन फ्लासिंग करना उन जगहों से प्लाक हटाता है जहां ब्रश नहीं पहुंच पाता। मीठे और चिपचिपे खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें, क्योंकि ये बैक्टीरिया को पनपने के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करते हैं।
यदि आप सोडा या एसिडिक पेय पीते हैं, तो उसके बाद सादे पानी से कुल्ला जरूर करें, ताकि दांतों के इनेमल का क्षरण न हो। नियमित अंतराल पर डेंटिस्ट से जांच करवाना सबसे सुरक्षित निवेश है। हर छह महीने में डेंटल चेकअप कराने से छोटी समस्याओं का पता शुरुआती दौर में ही चल जाता है, जिन्हें सामान्य फिलिंग से ठीक किया जा सकता है।
याद रखें, दांतों की समस्या जितनी जल्दी पकड़ी जाएगी, इलाज उतना ही सरल और सस्ता होगा। ओरल हाइजीन को प्राथमिकता दें, क्योंकि एक स्वस्थ मुस्कान न केवल आपके आत्मविश्वास को बढ़ाती है, भविष्य की गंभीर शारीरिक परेशानियों से भी दूर रखती है।