Diwali Decoration: दीपावली पर घरों को नया लुक दे रहे ट्रेंडी सोफा, मैचिंग पर्दों से बदल रहा कमरों का अंदाज
घर को नया रूप देने के लिए पूरा फर्नीचर बदलना जरूरी नहीं है। पुराने सोफा पर नए कवर, अलग रंग के कुशन, मैचिंग पर्दे और आकर्षक गलीचा लगाकर भी कमरे का लुक बदला जा सकता है।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 05:10:50 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 05:22:30 PM (IST)
दीपावली पर ट्रेंडी सोफा।HighLights
- दीपावली पर घरों को नया लुक दे रहे आकर्षक ट्रेंडी सोफा।
- मैचिंग पर्दों से बदल रहा कमरों का अंदाज कर्वी डिजाइन।
- हल्के रंग और प्राकृतिक बनावट वाले फर्नीचर की बढ़ी मांग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। दीपावली पर घर को नया रूप देने के लिए अब केवल दीवारों पर रंग-रोगन और सजावटी सामान खरीदना ही लोगों की प्राथमिकता नहीं रह गया है। शहरवासी अपने घर के इंटीरियर में बदलाव कर रहे हैं। ड्राइंग रूम से लेकर बेडरूम तक सोफा, फर्नीचर और पर्दों का ऐसा संयोजन पसंद किया जा रहा है, जो कमरों को आकर्षक दिखाने के साथ खुला और आरामदायक अहसास भी दे। बाजार में इन दिनों हल्के रंगों के सोफा, आधुनिक डिजाइन के फर्नीचर, टेक्सचर वाले कपड़े और कमरे की सजावट से मेल खाते पर्दों की मांग देखी जा रही है।
कर्वी सोफा और माड्यूलर डिजाइन का आकर्षण
- दौलतगंज के फर्नीचर विक्रेता सुभाष गुप्ता बताते हैं कि पारंपरिक भारी-भरकम सोफा सेट की जगह अब लोग कर्वी यानी गोलाई वाले डिजाइन, एल आकार के सोफा और मॉड्यूलर फर्नीचर को पसंद कर रहे हैं।
- कर्वी सोफा कमरे को आधुनिक और मुलायम लुक देते हैं, जबकि एल आकार के सोफा कम जगह में बैठने की अधिक सुविधा उपलब्ध कराते हैं।
- छोटे फ्लैट और सीमित जगह वाले घरों में ऐसे फर्नीचर की उपयोगिता बढ़ जाती है। सोफा के रंगों में बेज, क्रीम, ग्रे, हल्का भूरा और जैतूनी हरे जैसे रंग पसंद किए जा रहे हैं।
- वहीं, कुछ लोग हल्के रंग के सोफा के साथ गहरे रंग के कुशन रखकर कमरे को आकर्षक बना रहे हैं। लकड़ी और धातु के मेल से तैयार सेंटर टेबल, कम ऊंचाई वाली मेज और बहुउपयोगी फर्नीचर भी घर की सजावट में शामिल हो रहे हैं।
पर्दों में भी बदला पसंद का तरीका
- पर्दा व्यापारी रामकुमार बताते हैं कि अब पर्दे खरीदते समय केवल रंग नहीं, बल्कि उनकी बनावट, कपड़े और कमरे में आने वाली प्राकृतिक रोशनी का भी ध्यान रखा जा रहा है।
- हल्के और पारदर्शी पर्दों के साथ मोटे ब्लैकआउट पर्दों की दोहरी परत का चलन आधुनिक इंटीरियर का हिस्सा बन रहा है।
- दिन में हल्के पर्दों से प्राकृतिक रोशनी आती है, जबकि रात में मोटे पर्दे निजता बनाए रखने में मदद करते हैं।
- बेज, ऑफ व्हाइट और हल्के भूरे रंग के पर्दों के साथ फूलों, पत्तियों और ज्यामितीय आकृतियों वाले डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं।
- सोफा के रंग से बिल्कुल मेल खाते पर्दों के बजाय अब एक ही रंग परिवार के अलग-अलग शेड अपनाने पर जोर है। इससे कमरे की सजावट में संतुलन बना रहता है।
![naidunia_image]()
कम खर्च में भी बदला जा सकता है लुक
घर को नया रूप देने के लिए पूरा फर्नीचर बदलना जरूरी नहीं है। पुराने सोफा पर नए कवर, अलग रंग के कुशन, मैचिंग पर्दे और आकर्षक गलीचा लगाकर भी कमरे का लुक बदला जा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, फर्नीचर खरीदते समय कमरे का आकार, आवाजाही के लिए उपलब्ध जगह और कपड़े की सफाई की सुविधा को ध्यान में रखना चाहिए। इससे त्योहार की सजावट खूबसूरत होने के साथ उपयोगी भी बनी रहती है।
Diwali Decoration: कबाड़ से करें कमाल, दिवाली पर घर को दें नया रूप, पुरानी बोतलों, डिब्बों और बेकार सामान से करें सजावट