
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शादियों का सीजन शुरू होते ही बाजार में रौनक बढ़ गई है और कपड़ों के ट्रेंड्स में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां कुछ साल पहले तक दूल्हे की पोशाक का मतलब केवल भारी-भरकम कढ़ाई वाली लाल या मैरून शेरवानी होता था, वहीं इस वेडिंग सीजन में दूल्हों के लिए हल्के, एलिगेंट और आरामदायक आउटफिट्स सबसे बड़े ट्रेंड बनकर उभरे हैं।
आज का माडर्न दूल्हा अपनी शादी के खास मौके पर न सिर्फ राॅयल दिखना चाहता है, बल्कि वह ऐसे कपड़ों को प्राथमिकता दे रहा है जिसमें वह बिना किसी परेशानी के खुलकर एन्जाय कर सके। आइए जानते हैं कि इस सीजन दूल्हों के फैशन में क्या कुछ खास और नया ट्रेंड कर रहा है।
इस साल दूल्हों के बीच रंगों के चुनाव में सबसे बड़ा बदलाव आया है। अब चमकीले और चटक रंगों की जगह सोबर और साफ्ट कलर्स राज कर रहे हैं। फैशन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आइवरी, शैम्पेन गोल्ड, एंटीक आइवरी, सेज ग्रीन, पाउडर ब्लू और लैवेंडर जैसे पेस्टल शेड्स इस सीजन की पहली पसंद बने हुए हैं। इसके अलावा, जो दूल्हे रात के फंक्शन के लिए थोड़ा डार्क टोन चाहते हैं, वे पारंपरिक काले रंग के बजाय डार्क चारकोल कलर को काफी पसंद कर रहे हैं।
आउटफिट्स की बात करें तो महीन हैंड एंब्रायडरी और टोनल वर्क वाली पेस्टल शेरवानी सदाबहार बनी हुई है। इसके साथ ही क्लासिक बंदगला और जोधपुरी सूट भी काफी डिमांड में हैं। हालांकि इस बार युवाओं के बीच असममित कट्स वाले इंडो-वेस्टर्न सेट्स और ड्रेप्ड कुर्ते का क्रेज तेजी से बढ़ा है। ये लुक ट्रेडिशनल और माडर्न स्टाइल का एक बेहतरीन फ्यूजन देता है। वहीं काकटेल और रिसेप्शन पार्टी के लिए आल-व्हाइट सूट और क्लासिक ब्लैक टक्सडो दूल्हों को एक बेहद क्लासी और जेंटलमैन लुक दे रहे हैं।
इस सीजन का सबसे बड़ा मंत्र कंफर्ट इज यानी आराम ही सबसे जरूरी है, बन गया है। बहुत ज्यादा टाइट या भारी फिटिंग के कपड़ों की जगह अब रिलैक्स्ड टेलरिंग का चलन है। दूल्हे अब साफ्ट स्ट्रक्चर्ड ब्लेजर और लिनेन या काटन-सिल्क जैसे हल्के फैब्रिक चुन रहे हैं। ये फैब्रिक न सिर्फ पहनने में हल्के होते हैं, बल्कि दूल्हे को फेरों की रस्म से लेकर संगीत के डांस फ्लोर तक आसानी से मूव करने की पूरी आजादी देते हैं।
दूल्हे के लुक को पूरा करने में एक्सेसरीज की बड़ी भूमिका होती है। इस साल भारी-भरकम कलगी, मोतियों की लंबी मालाओं या चमकीली पगड़ियों का ट्रेंड कम हुआ है। इसकी जगह कम से कम और सोबर साफे का इस्तेमाल किया जा रहा है। सूट और शेरवानी पर लगाने के लिए कस्टमाइज्ड ब्रोच और पर्सनलाइज्ड एक्सेसरीज का क्रेज है, जो दूल्हे के लुक में एक पर्सनल टच जोड़ते हैं। कुल मिलाकर, इस वेडिंग सीजन का ट्रेंड सादगी, माडर्न टच और कम्फर्ट के इर्द-गिर्द घूम रहा है।