
नईदुनिया प्रतिनिधि इंदौर। दीपावली के बाद देवउठनी एकादशी से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। इस अबूझ मुहूर्त पर बड़ी संख्या में विवाह होने के कारण ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट के पास भी बुकिंग का सिलसिला तेज हो गया है। खास बात यह है कि दुल्हनें अब शादी की तारीख तय होते ही अपने पसंदीदा मेकअप आर्टिस्ट को बुक कर रही हैं।
इस वेडिंग सीजन में ब्राइडल मेकअप की पसंद में भी बदलाव देखने को मिल रहा है। हैवी और केकी बेस की जगह ग्लास स्किन, साफ्ट ग्लैम और नेचुरल फिनिश वाले लुक की मांग बढ़ रही है। वहीं आंखों के मेकअप में ब्राउन, ब्रान्ज और कापर शेड्स पसंद किए जा रहे हैं।
मेकअप आर्टिस्टों के अनुसार, अब दुल्हनें केवल शादी के दिन के मेकअप तक सीमित नहीं हैं। हल्दी, मेहंदी, संगीत और रिसेप्शन के लिए भी अलग-अलग लुक और हेयरस्टाइल के पैकेज बुक करवाए जा रहे हैं।
मेकअप के साथ हेयरस्टाइल और स्किन फिनिश पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर दिखने वाले सेलिब्रिटी ब्राइडल लुक के रेफरेंस लेकर भी दुल्हनें आ रही हैं।

मेकअप आर्टिस्ट तृप्ति दीक्षित बताती हैं कि इस वेडिंग सीजन में पिछले साल की तुलना में ब्राइडल मेकअप की बुकिंग में लगभग 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। दुल्हनें अब चार से छह महीने पहले ही मेकअप आर्टिस्ट बुक करवा रही हैं। देवउठनी एकादशी के आसपास की तारीखों के लिए कई स्लाट पहले ही फुल हो चुके हैं। इस बार साफ्ट ग्लैम और मिनिमल मेकअप की सबसे ज्यादा मांग है। दुल्हनें ऐसा लुक चाहती हैं, जिसमें त्वचा का प्राकृतिक निखार बना रहे और तस्वीरों में भी चेहरा फ्रेश दिखाई दे। इसके लिए एचडी और एयरब्रश तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
वह बताती हैं कि ब्राइडल मेकअप के लिए दुल्हनें औसतन 50 हजार से एक लाख रुपये तक का बजट रख रही हैं। प्रीमियम पैकेज की मांग भी बढ़ी है, जिनमें अंतरराष्ट्रीय मेकअप प्रोडक्ट और टचअप किट जैसी सुविधाएं शामिल हैं। अब दुल्हनें केवल कीमत के बजाय मेकअप की गुणवत्ता और लंबे समय तक टिकने वाले लुक को प्राथमिकता दे रही हैं।

मेकअप आर्टिस्ट शिवाली मेहता बताती हैं कि इस बार स्किन लाइक बेस, साफ्ट ग्लैम आई मेकअप, हल्का शिमर और नेचुरल फिनिश पसंद की जा रही है। मोनोक्रोमैटिक मेकअप यानी आंखों, गालों और होंठों पर एक जैसे रंगों के शेड का इस्तेमाल भी ट्रेंड में है।
हेयरस्टाइल में साफ्ट वेव्स, टेक्सचर्ड बन और मिनिमल हेयर एक्सेसरीज खास ट्रेंड बना हुआ है। पहले जहां फुल कवरेज और मैट बेस पसंद किया जाता था, वहीं अब दुल्हनें हल्का और त्वचा जैसा दिखने वाला मेकअप चाहती हैं।
वह बताती हैं कि सोशल मीडिया और सेलिब्रिटी वेडिंग लुक का असर भी दुल्हनों की पसंद पर दिखाई दे रहा है। कई दुल्हनें अपनी पसंद की तस्वीरें लेकर आती हैं।
हालांकि हर लुक हर चेहरे और त्वचा के रंग पर एक जैसा नहीं दिखता। इसलिए मेकअप को दुल्हन की पर्सनैलिटी, आउटफिट और वेडिंग थीम के अनुसार तैयार किया जाता है।

