
लाइफस्टाइल डेस्क। कुछ ही दिनों में शादियां शुरु होने वाली है। ऐसे में शादी की तैयारियों में सबसे खास स्थान रखने वाला वेडिंग कार्ड अब केवल तारीख, समय और आयोजन स्थल की जानकारी देने तक सीमित नहीं रह गया है। बदलते दौर में यह परिवार की पसंद, मेजबानों की प्रतिष्ठा और शादी की थीम का परिचय भी बन रहा है।
यही कारण है कि बाजार में पारंपरिक निमंत्रण पत्रों के साथ डिजाइनर बॉक्स, प्रीमियम सूटकेस पैकिंग, ड्रायफ्रूट्स, चाकलेट और फोटो वाले इन्विटेशन की मांग बढ़ रही है। लोग चाहते हैं कि मेहमानों तक पहुंचने वाला शादी का पहला न्योता ऐसा हो, जिसे देखकर ही आयोजन की भव्यता का अंदाजा लगाया जा सके।
डिजिटल निमंत्रण का चलन बढ़ने के बावजूद परिवारों में भगवान और रिश्तेदारों को सबसे पहले छपवाया हुआ कार्ड देने की परंपरा कायम है। इसी परंपरा को नए अंदाज में पेश करने के लिए कार्ड डिजाइनर भी लगातार प्रयोग कर रहे हैं।
अब शादी की सजावट, ड्रेस कोड और डेकोरेशन की थीम को ध्यान में रखकर निमंत्रण पत्र तैयार करवाए जा रहे हैं। यदि विवाह समारोह की थीम रायल है तो कार्ड में गोल्डन वर्क, वेलवेट फिनिश और शाही डिजाइन को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं पेस्टल थीम वाली शादियों के लिए हल्के रंगों के कार्ड पसंद किए जा रहे हैं।
रायल ब्लू, पिंक, पेस्टल ग्रीन, क्रीम, आफ व्हाइट और ब्राउन जैसे रंगों का इस्तेमाल खास तौर पर किया जा रहा है। कार्ड पर मोर, फूल, पत्तियां, पारंपरिक झरोखे और प्राकृतिक दृश्यों की डिजाइन भी बनाई जा रही है।
कुछ परिवार शादी के वेन्यू या डेकोरेशन की झलक भी निमंत्रण पत्र में शामिल करवा रहे हैं, ताकि कार्ड और आयोजन के बीच एकरूपता दिखाई दे।
.jpg)
तकनीक ने वेडिंग कार्ड की दुनिया में भी नई संभावनाएं खोल दी हैं। अब दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरों को एआई की मदद से अलग-अलग थीम और आकर्षक बैकग्राउंड में तैयार करवाया जा रहा है।
कुछ लोग अपनी तस्वीरों को राजसी लुक में तो कुछ पारंपरिक परिधानों और खूबसूरत वेडिंग लोकेशन के साथ डिजाइन करवा रहे हैं।
इन तस्वीरों को कार्ड के कवर, अंदरूनी पेज या बॉक्स की पैकिंग पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निमंत्रण पत्र सामान्य प्रिंटिंग से हटकर व्यक्तिगत यादगार बन जाता है। फोटो वाले कार्ड में नाम, विवाह की तारीख और पारिवारिक संदेश भी आकर्षक तरीके से शामिल किए जा रहे हैं।
युवाओं में शादी के निमंत्रण के साथ गिफ्ट देने का चलन भी बढ़ रहा है। खास दोस्तों, रिश्तेदारों और करीबी मेहमानों के लिए कार्ड के साथ चाकलेट, टेडी, छोटी किताबें और अन्य उपहार जोड़कर हैम्पर तैयार करवाए जा रहे हैं। कई परिवार इसे अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज कराते हैं। किसी को चाकलेट पसंद है तो किसी के लिए ड्रायफ्रूट्स या विशेष उपहार शामिल किए जाते हैं। इस तरह निमंत्रण पत्र एक छोटे गिफ्ट पैक का रूप ले रहा है। इसकी पैकिंग और सजावट भी शादी की थीम के अनुसार रखी जाती है।