
हेल्थ डेस्क। कुछ साल पहले तक माचा भारत में ज्यादातर लोगों के लिए बस एक हरा पाउडर था। आज यह कैफे के मेन्यू, सोशल मीडिया रील्स और फिटनेस इन्फ्लुएंसर्स की पसंदीदा ड्रिंक बन चुका है। इसकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले एक साल में भारत में गूगल ट्रेंड्स पर 'हाउ टू मेक माचा' की सर्च करीब 1300% बढ़ गई है।
माचा को 'जापानी सुपरफूड' कहा जाता है, लेकिन इसकी कहानी चीन से शुरू हुई थी। तांग और सॉन्ग राजवंश के समय चाय की पत्तियों को पीसकर पाउडर बनाया जाता था और उसे गर्म पानी में फेंटकर पिया जाता था।
साल 1191 के आसपास जापानी जेन भिक्षु इसाई (Eisai) इस परंपरा को चीन से जापान ले गए। धीरे-धीरे माचा जापानी जेन संस्कृति और पारंपरिक टी सेरेमनी का अहम हिस्सा बन गया। समय के साथ चीन में यह परंपरा लगभग खत्म हो गई, लेकिन जापान ने इसे अपनी सांस्कृतिक पहचान के रूप में संजोकर रखा।
माचा की पॉपुलैरिटी की एक बड़ी वजह इसके हेल्थ बेनिफिट्स भी हैं। 'नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन' में छपी एक स्टडी के मुताबिक, माचा में एपिगैलोकैटेचिन-3-गैलेट (EGCG) नाम का ताकतवर एंटीऑक्सिडेंट होता है। यह ब्लड प्रेशर और वजन को कंट्रोल करने में मदद करता है।
इस खबर में जानेंगे कि माचा पीने के बाद शरीर में क्या होता है और इसके हेल्थ बेनिफिट्स क्या हैं। इसके लिए हमने बात की दिल्ली की सीनियर डाइटीशियन अमृता मिश्रा से।
माचा के लिए इस्तेमाल होने वाले चाय के पौधों को कटाई से 3-4 हफ्ते पहले खास जाल या कपड़े से ढक दिया जाता है। इस प्रक्रिया को 'शेडिंग' कहते हैं। कम धूप मिलने से पत्तियों में क्लोरोफिल और दूसरे फायदेमंद तत्व बढ़ जाते हैं। यही वजह है कि माचा का रंग सामान्य ग्रीन टी से कहीं ज्यादा गहरा हरा होता है।
सामान्य ग्रीन टी में पत्तियों को गर्म पानी में भिगोकर उनका अर्क पिया जाता है, जबकि माचा में चाय की पूरी पत्ती का बारीक पाउडर इस्तेमाल होता है।
हां, माचा में कैफीन होती है। ग्रीन टी की पत्तियों में कैफीन प्राकृतिक रूप से होती है। माचा पूरी पत्ती के पाउडर से बनती है, इसलिए इसमें सामान्य ग्रीन टी से ज्यादा और कॉफी से कम कैफीन होती है।
'हार्वर्ड हेल्थ' के मुताबिक, करीब 240 ml माचा में 38 से 89 mg तक कैफीन होती है। इतनी ही मात्रा की ग्रीन टी में करीब 23 से 49 mg कैफीन होती है।
माचा पीने के बाद इसमें मौजूद कैफीन, एल-थियानीन और एंटीऑक्सिडेंट्स शरीर में अवशोषित होने लगते हैं। इसके बाद ब्रेन और शरीर में ये बदलाव होते हैं-

इसका सबसे अच्छा समय सुबह है। इसमें कैफीन होती है, जो एनर्जी और अलर्टनेस बढ़ाने में मदद करती है। देर शाम या रात में पीने से कुछ लोगों की नींद प्रभावित हो सकती है।
किन लोगों को बरतनी चाहिए सावधानी?
माचा आमतौर पर स्वस्थ लोगों के लिए सुरक्षित मानी जाती है, लेकिन इसमें कैफीन होती है। इसलिए कुछ लोगों को इसे पीते समय सावधान रहना चाहिए।
कैफीन होने की वजह से जरूरत से ज्यादा माचा पीने पर कुछ लोगों को ये साइड इफेक्ट्स हो सकते हैं:
आमतौर पर स्वस्थ वयस्कों के लिए रोज 1 कप माचा टी काफी है। एक कप माचा बनाने के लिए आमतौर पर 1 से 2 ग्राम (करीब आधा से एक चम्मच) माचा पाउडर इस्तेमाल किया जाता है।
