
नईदुनिया प्रतिनिध, इंदौर। खान-पान के मामले में इंदौर की अपनी अलग पहचान है। यहां स्ट्रीट फूड और देश-विदेश के पकवानों तक हर तरह का स्वाद मिलता है। शहर के लोग खाने में नए प्रयोग पसंद करते हैं। यही वजह है कि यहां के होटल और रेस्टोरेंट भी अपने मेन्यू में समय-समय पर बदलाव करते रहते हैं।
अब सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही होटलों के मेन्यू में भी गर्मागर्म पकवानों और नए स्वाद की तैयारी है।इस बार खाने की थाली में पारंपरिक भारतीय पकवानों के साथ नए प्रयोग से तैयार की गई डिश शामिल होंगी।
मौसमी सब्जियों, देसी मसालों और अलग-अलग राज्यों के स्वाद को मिलाकर नए व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। इसमें खास बात यह है कि पनीर और मशरूम जैसी आम सामग्री के अलावा कद्दू, पालक, मेथी और दूसरी मौसमी सब्जियों को भी नए अंदाज में परोसा जाएगा।
शेफ के अनुसार, सर्दियों के मेन्यू में गर्मागर्म सूप, शोरबा, भरवां सब्जियां, दम पर तैयार होने वाले व्यंजन और देसी मसालों से बने पकवानों को जगह दी जा रही है। पुराने व्यंजनों को पूरी तरह बदलने के बजाय उनके स्वाद और बनाने के तरीके में बदलाव किया जा रहा है। इससे लोगों को परिचित खाने में ही नया स्वाद मिलेगा।

इस बार पनीर की सामान्य ग्रेवी वाली सब्जियों से अलग कुछ नए प्रयोग किए जा रहे हैं। सौंफियानी पनीर दम बिरयानी ऐसी ही एक डिश है। इसमें पनीर को सौंफ और चुनिंदा मसालों के साथ तैयार कर चावल के साथ दम पर पकाया जाता है। सौंफ की खुशबू बिरयानी को अलग स्वाद देती है। यह अवधी खाने से प्रेरित प्रयोग है। शेफ पुनीत मैथ्यूके अनुसार, पनीर को अलग-अलग मसालों और भरावन के साथ तैयार कर नए स्टार्टर बनाए जा रहे हैं। इनमें पनीर के साथ मेथी, काली मिर्च, कसूरी मेथी और भुने मसालों का उपयोग किया जा रहा है।
हरी सब्जियों को ध्यान में रखकर शेफ नए पकवान तैयार कर रहे हैं। मेथी और मटर के मेल से बनने वाली डिश को नए अंदाज में पेश किया जाएगा। वहीं गाजर और मटर से तैयार होने वाले व्यंजनों में पारंपरिक मसालों के साथ हल्के फ्यूजन का इस्तेमाल होगा। मौसमी सब्जियों काे बहुत ज्यादा मसालों में पकाने के बजाय इनके प्राकृतिक स्वाद को बनाए रखने की कोशिश की जा रही है। भरवां गाजर, मसाला मटर टिक्की, पालक और पनीर के नए मेल से बने स्टार्टर और तंदूरी फूलगोभी जैसी डिश इसी सोच का हिस्सा हैं।
चाट में भी नए प्रयोग किए जा रहे हैं। पारंपरिक आलू टिक्की, दही बड़े और पापड़ी चाट के साथ कुछ नए विकल्प शामिल किए जा रहे हैं। बनारसी टमाटर चाट इनमें खास है। इसमें टमाटर को मसालों के साथ पकाकर चाट के रूप में परोसा जाता है। इसका स्वाद खट्टा, मीठा और हल्का तीखा रहता है।
इसके अलावा मटर की चाट, पालक की कुरकुरी चाट और दही के साथ परोसी जाने वाली मौसमी सब्जियों की चाट भी मेन्यू में शामिल की जा रही है। इसमें इंदौरी स्वाद को ध्यान में रखते हुए चटनी, मसाले और सेव का इस्तेमाल किया जा रहा है।
![]()