
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सर्दियों का मौसम जहां सेहत और खानपान के लिहाज से खास होता है, वहीं यह गार्डनिंग के शौकीनों के लिए भी सबसे अच्छा समय माना जाता है। इस मौसम में तापमान अनुकूल रहने के कारण कई तरह के फूलों, सब्जियों और सजावटी पौधों की अच्छी ग्रोथ होती है। यही वजह है कि इन दिनों घरों की बालकनी, छत और गार्डन में हरियाली बढ़ाने के लिए लोग नए पौधे लगा रहे हैं।
गार्डनिंग एक्सपर्ट के अनुसार सर्दियों में पौधों को सही देखभाल मिले तो वे तेजी से विकसित होते हैं और उनमें फूल व फल भी अच्छी तरह आते हैं। सर्दियों में गुलाब, गेंदा, पिटूनिया, डहेलिया, कैलेंडुला, पैंजी, फ्लॉक्स और पेटूनिया जैसे फूलों के पौधे लगाए जा सकते हैं।
वहीं सब्जियों में पालक, मेथी, धनिया, मूली, गाजर, मटर, गोभी, टमाटर और मूली की खेती घर के गमलों में भी आसानी से की जा सकती है। इसके लिए बहुत बड़े गार्डन की जरूरत नहीं है। थोड़ी सी जगह और सही जानकारी के साथ बालकनी में भी सुंदर किचन गार्डन तैयार किया जा सकता है। सर्दियों का मौसम नए पौधे लगाने और पुराने पौधों की देखभाल करने के लिए अच्छा अवसर है।
इस समय पौधों को संतुलित धूप, सीमित पानी और जैविक खाद मिले तो उनकी जड़ें मजबूत होती हैं और अच्छी ग्रोथ देखने को मिलती है। गार्डनिंग में नियमित देखभाल सबसे जरूरी है। पौधों को उनकी प्रकृति के अनुसार वातावरण देना चाहिए। इससे घर का छोटा सा कोना भी सुंदर और हरा-भरा बन सकता है।
गार्डनिंग एक्सपर्ट सुनीता शर्मा के अनुसार सर्दियों में मिलने वाली हल्की धूप पौधों के विकास के लिए फायदेमंद होती है। गर्मियों की तेज धूप की तुलना में इस मौसम की धूप पौधों को कम नुकसान पहुंचाती है। हालांकि, हर पौधे की धूप की जरूरत अलग होती है। फूलों और सब्जियों के अधिकांश पौधों को रोजाना 4 से 6 घंटे धूप देना बेहतर रहता है। वहीं छायादार पौधों को ऐसी जगह रखना चाहिए, जहां उन्हें पर्याप्त रोशनी मिले लेकिन सीधी तेज धूप न पड़े।
ठंड के मौसम में पौधों की पानी की जरूरत कम हो जाती है। ऐसे में रोजाना बिना मिट्टी जांचे पानी डालना नुकसानदायक हो सकता है। अधिक पानी देने से जड़ों में सड़न और फंगस की समस्या हो सकती है। एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि गमले की मिट्टी को ऊपर से छूकर देखें। यदि मिट्टी सूखी लगे तभी पानी दें। सुबह के समय पौधों को पानी देना बेहतर रहता है, ताकि दिन में अतिरिक्त नमी सूख सके।
पौधों को स्वस्थ रखने के लिए मिट्टी में पोषक तत्वों का होना जरूरी है। इसके लिए वर्मी कंपोस्ट, गोबर की अच्छी तरह सड़ी खाद और घर में तैयार जैविक खाद का इस्तेमाल किया जा सकता है। हर 15 से 20 दिन में पौधों की जरूरत के अनुसार खाद देना फायदेमंद रहता है। गमलों की मिट्टी को समय-समय पर हल्का गुड़ाई करके भुरभुरा भी बनाना चाहिए, जिससे जड़ों तक हवा पहुंच सके।