
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मानसून की आहट ने शहर में सिर्फ मौसम ही नहीं बदला, बल्कि लोगों की जीवनशैली में भी हरियाली का नया रंग भर दिया है। बारिश की पहली फुहार के साथ ही गार्डनिंग के शौकीन लोग अपने घरों, बगीचों, छतों और बालकनियों को पौधों से सजाने में जुट गए हैं।
वर्षा ऋतु को पौधारोपण के लिए सबसे अनुकूल मौसम माना जाता है, इसलिए शहरभर में पौधों की खरीदारी बढ़ गई है और नर्सरियों में भी रौनक दिखाई देने लगी है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते लोग इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प ले रहे हैं।
बारिश का मौसम आते ही शहर में गार्डनिंग का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। मानसून की शुरुआत के साथ ही हरियाली प्रेमी अपने घरों और आसपास के वातावरण को हरा-भरा बनाने की तैयारी में जुट गए हैं। लोग फलदार, फूलदार, औषधीय तथा सजावटी पौधों की खरीदारी कर रहे हैं।
गार्डनिंग विशेषज सुनीता शर्मा का कहना है कि वर्षा ऋतु पौधारोपण के लिए सबसे बेहतर समय होता है। इस दौरान मिट्टी में प्राकृतिक रूप से नमी बनी रहती है, जिससे पौधों की जड़ों का विकास तेजी से होता है। साथ ही पौधों को अतिरिक्त सिंचाई की आवश्यकता भी कम पड़ती है।
कुछ लोग किचन गार्डन विकसित करने पर भी ध्यान दे रहे हैं, जहां टमाटर, मिर्च, धनिया, पुदीना, मेथी और अन्य सब्जियों के पौधे लगाए जा रहे हैं। ताजी और जैविक सब्जियां उपलब्ध होती हैं, बल्कि परिवार का प्रकृति से जुड़ाव भी बढ़ता है।
बच्चों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। अभिभावक उन्हें पौधों की देखभाल, पानी देने और उनकी वृद्धि पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। इससे बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित हो रही है। कई स्कूलों ने भी विद्यार्थियों को पौधारोपण और पौधों की देखभाल से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है।
नर्सरी संचालक अमन पटेल के अनुसार इन दिनों आम, अमरूद, नींबू, जामुन, कटहल और आंवला जैसे फलदार पौधों की मांग बढ़ी है। वहीं गुलाब, गेंदा, चमेली, गुड़हल और रजनीगंधा जैसे फूलदार पौधे भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। तुलसी, एलोवेरा, गिलोय, अश्वगंधा और पाथरचट्टा जैसे औषधीय पौधों को भी लोग अपने घरों में स्थान दे रहे हैं।
सजावटी पौधों में मनी प्लांट, स्नेक प्लांट, एरेका पाम और विभिन्न प्रकार के इनडोर प्लांट्स की बिक्री बढ़ी है। पर्यावरण संरक्षण की भावना भी इस बढ़ते गार्डनिंग उत्साह के पीछे एक महत्वपूर्ण कारण है। शहर के कई सामाजिक संगठन और रहवासी समूह पौधारोपण अभियान चला रहे हैं।
सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, विद्यालयों और कालोनियों में पौधे लगाए जा रहे हैं ताकि आने वाले वर्षों में हरियाली बढ़ सके और पर्यावरण संतुलन को मजबूती मिले। कई परिवार अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधा को प्राथमिकता दे रहे हैं।
राइट टाउन निवासी दीपाली का कहना है कि पौधे केवल सौंदर्य बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे वायु गुणवत्ता सुधारने, तापमान नियंत्रित रखने और मानसिक तनाव कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। घरों में लगाए गए पौधे वातावरण को ताजगी प्रदान करते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
यही वजह है कि पिछले कुछ वर्षों में गार्डनिंग एक शौक से आगे बढ़कर जीवनशैली का हिस्सा बनती जा रही है। व्यस्त दिनचर्या के बीच पौधों के साथ समय बिताना उन्हें मानसिक शांति और संतोष देता है। सुबह-शाम पौधों की देखभाल करना और उनकी बढ़ती हरियाली को देखना एक सुखद अनुभव होता है। मानसून के मौसम ने इस आनंद को और बढ़ा दिया है।
संजीवनी नगर निवासी लीना बताती है कि बारिश की दस्तक के साथ शहर में गार्डनिंग का यह बढ़ता उत्साह न केवल घरों और आंगनों को हराभरा बना रहा है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सकारात्मक पहल साबित हो रहा है। यदि यही जागरूकता लगातार बनी रही तो आने वाले समय में शहर और अधिक स्वच्छ, सुंदर और हरित नजर आएगा। मैने अपने गार्डन में कई सारे पौधे लगाए है। इससे घर की सुंदरता और भी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के मदन महल अंडर ब्रिज में पानी में फंसी कार, संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल