
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। महिलाएं अक्सर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां परिवार के सदस्यों से भी साझा करने में संकोच करती हैं। शर्म, झिझक और लापरवाही के कारण वे कई बार बीमारी को नजरअंदाज करती रहती हैं। इससे सामान्य दिखने वाली समस्या भी धीरे-धीरे गंभीर हो सकती है।
समय रहते बीमारी की वजह पता चल जाए तो उपचार आसान होता है। महिलाओं को असामान्य लक्षण छिपाने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
यह सलाह मंगलवार को हेलो नईदुनिया कार्यक्रम में वेदांत हास्पिटल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डाॅ. प्रतिभा तोमर ने दी। वे शाम चार से पांच बजे तक नईदुनिया कार्यालय में मौजूद रहीं और महिला पाठकों के सवालों के जवाब दिए।
उन्होंने कहा कि बीमारी के बारे में खुलकर बात करने से शुरुआती दौर में उसकी पहचान और सही उपचार संभव है। इससे अनावश्यक जटिलताओं से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में यूरिन इंफेक्शन, लगातार सर्दी-खांसी, वजन बढ़ने, अधिक नींद आने, अंदरूनी अंगों के संक्रमण और मासिक धर्म संबंधी समस्याओं पर सवाल पूछे गए।
पाठकों के सवाल और डाॅ. तोमर के जवाब
सवाल—मुझे यूरिन इंफेक्शन की समस्या है? सुनीता सिंह, ग्वालियर
जवाब—यूरिन इंफेक्शन के कई कारण हो सकते हैं। स्वच्छता का ध्यान रखें। यूरिन कल्चर जांच से संक्रमण के कारक बैक्टीरिया की पहचान और सही एंटीबायोटिक चुनने में मदद मिलती है। पर्याप्त पानी पीएं और समस्या बने रहने पर चिकित्सक से परामर्श लें।
सवाल—वजन बढ़ रहा है, नींद ज्यादा आती है और थकान रहती है? मधु, ग्वालियर
जवाब—इसके कई कारण हो सकते हैं। थायराइड हार्मोन की कमी एक प्रमुख वजह हो सकती है। इससे शरीर का मेटाबालिज्म धीमा होता है और वजन बढ़ने के साथ सुस्ती बनी रहती है। थायराइड की जांच कराकर चिकित्सक से सलाह लें।
सवाल—एक साल से सर्दी-खांसी बनी हुई है? प्रीति शर्मा, डबरा
जवाब—एलर्जी इसकी एक वजह हो सकती है। संक्रमण और सांस संबंधी अन्य समस्याएं भी कारण बन सकती हैं। मेडिसिन विशेषज्ञ से परामर्श लेकर जरूरी जांच कराएं। जांच के बाद ही उचित उपचार किया जा सकता है।
सवाल—मुझे अंदरूनी अंग में समस्या है? कल्पना, ग्वालियर
जवाब—संक्रमण सहित कई कारण हो सकते हैं। परेशानी लंबे समय से बनी हो तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेकर आवश्यक जांच कराएं। जांच के बाद ही वास्तविक वजह और उपचार तय होगा।
सवाल—मासिक धर्म में परेशानी आ रही है? सुजाता सिंह, भिंड
जवाब—अनियमितता के पीछे खून की कमी, हार्मोनल बदलाव और अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारण हो सकते हैं। वजह जानने के लिए चिकित्सक से परामर्श लेकर जरूरी जांच कराएं। कारण स्पष्ट होने पर उचित उपचार से समस्या दूर की जा सकती है।