
लाइफस्टाइल डेस्क। हमारे समाज में बचपन से ही लड़कियों को एक सांचे में ढालने की कोशिश की जाती है। "सबको खुश रखो", "बड़ों की बात मान लो" और "थोड़ा समझौता करना सीखो" ये वो सबक हैं जो एक 'अच्छी लड़की' की पहचान माने जाते हैं। इस रेस में शामिल होकर महिलाएं अक्सर अपनी इच्छाओं को मार देती हैं और हर बात पर 'हां' कहना उनकी आदत बन जाती है। लेकिन क्या आप जानती हैं कि हर बात पर 'हां' कहना महानता नहीं, बल्कि खुद के साथ किया गया समझौता है?
इस महिला दिवस पर यह समझना जरूरी है कि मजबूती से 'ना' कहना बदतमीजी नहीं, बल्कि आपकी सेल्फ-रिस्पेक्ट (आत्म-सम्मान) है।
मायका हो या ससुराल, महिलाओं से हमेशा 'सुपरवुमन' की तरह व्यवहार करने की उम्मीद की जाती है। अक्सर उन्हें यह कहकर इमोशनल ब्लैकमेल किया जाता है- "तुम नहीं करोगी तो कौन करेगा?" इस जाल में फंसकर महिलाएं अपनी थकान और बीमारी को नजरअंदाज कर दूसरों की जरूरतें पूरी करती रहती हैं।
सीखें: अगर आप थक गई हैं या आपको निजी समय (Personal Time) चाहिए, तो मुस्कुराकर मना करना सीखें। आपका अस्तित्व केवल दूसरों की सेवा के लिए नहीं है।
ऑफिस में भी महिलाएं अक्सर अपनी छवि खराब होने के डर से क्षमता से ज्यादा काम का बोझ उठा लेती हैं। उन्हें लगता है कि मना करने पर वे कमजोर दिखेंगी।
सीखें: अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाएं, लेकिन जो काम आपके दायरे में नहीं है या जो आपके मानसिक संतुलन को बिगाड़ रहा है, उसे सख्ती से 'ना' कहें। दूसरों की जिम्मेदारी ढोना आपकी तरक्की का रास्ता नहीं है।
समाज में महिलाओं की बॉडी इमेज, शादी और बच्चे जैसे निजी फैसलों पर टिप्पणी करना आम बात हो गई है।
सीखें: "थोड़ी पतली हो जाओ" या "शादी कब करोगी?" जैसे सवालों पर चुप रहने की जरूरत नहीं है। अगर कोई आपकी व्यक्तिगत सीमा (Boundary) लांघ रहा है, तो उसे वहीं टोक दें। अपनी जिंदगी के फैसलों के लिए आपको किसी को सफाई देने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें- Women's Day: महिला दिवस पर 'सोलो ट्रिप' के लिए बेस्ट हैं ये जगहें, खूबसूरती और सुरक्षा का बेजोड़ संगम
शुरुआत में 'ना' कहना मुश्किल हो सकता है। लोग आपको 'घमंडी' या 'बदली हुई' कह सकते हैं, लेकिन अपनी बाउंड्री तय करना आपकी मानसिक शांति के लिए अनिवार्य है। एक बार जब आप अपनी सीमाएं तय कर लेंगी, तो लोग भी आपकी इजाजत के बिना उसे पार करने की हिम्मत नहीं करेंगे।