
लाइफस्टाइल डेस्क। सर्दी की शुरुआत के साथ ही मधुमेह के मरीजों की एक बड़ी समस्या बढ़ जाती है - कब्जियत। ठंड में पानी कम पीना, शारीरिक गतिविधि घट जाना, देर से जागना और भारी भोजन करना पेट को जाम कर देता है। मधुमेह में वात दोष बढ़ जाता है। वात बढ़ने से आंतें सूखने लगती हैं, मल कड़ा हो जाता है।
ऊपर से इस मौसम में लोग चाय, पकौड़े, पराठे और मिठाई ज्यादा लेते हैं। फाइबर कम और मैदा ज्यादा होने से कब्ज और बढ़ जाती है। कई मधुमेह की दवाएं भी पेट को भारी कर देती हैं।
पेट साफ न होने से गैस, एसिडिटी, सिरदर्द, भूख न लगना और चिड़चिड़ापन बढ़ता है। साथ ही शरीर में टाक्सिन जमा होने से इंसुलिन का असर भी कम होता है, जिससे शुगर कंट्रोल में नहीं रहती।
अत: मधुमेह के मरीज को पेट की सफाई को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। सुबह उठते ही गुनगुना पानी पिएं। यह आंतों को सक्रिय करता है।
भोजन में हरी सब्जियां और मोटे अनाज शामिल करें। खाना खाने के बाद 15-20 मिनट टहलें। दिन में 30 मिनट पैदल चलना पेट और शुगर दोनों के लिए जरूरी है।
बार-बार चूर्ण या कब्ज की गोली की आदत न डालें। इससे आंतें कमजोर हो जाती हैं। कोई भी आयुर्वेदिक दवा डाक्टर की सलाह के बिना न लें।
जिन मरीजों को किडनी, बीपी या हृदय की समस्या है, उन्हें तो विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। यदि 3 दिन से ज्यादा पेट साफ न हो तो डाॅक्टर से संपर्क करें।
शासकीय आयुर्वेद कॉलेज के डाॅ रामकुमार अग्रवाल ने बताया कि आयुर्वेद का सीधा सिद्धांत है - पेट साफ तो अनेक रोग से बचाव संभव है।